ऑक्सफोर्ड के शोधकर्ताओं ने उम्र से संबंधित अंधेपन (एएमडी) को रोकने के लिए दुनिया का पहला जीन थेरेपी ऑपरेशन करने का दावा किया है।
ब्रिटेन में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर रॉबर्ट मैकलारेन ने कहा, यह उन रोगियों में दृष्टि को संरक्षित करने के लिए जल्दी दिया जाने वाला आनुवंशिक उपचार में एक जबरदस्त सफलता होगी। मैकलारेन कहा कि ब्रिटेन के जॉन रैडक्लिफ अस्पताल में ऑक्सफोर्ड के जेनेट ओसबोर्न इस प्रक्रिया से गुजरने वाले पहले शख्स थे। इस थेरेपी में जीन की मदद से डीएनए में बदलाव करके मरीज का उपचार किया गया। चिकित्सकों ने आंखों के इलाज की जीन थैरेपी विकसित की है जिसकी मदद से वंशानुगत अंधेपन का इलाज संभव हो सकेगा। जीन थेरेपी की इस प्रक्रिया में रेटिना को अलग करके और उसके नीचे विशेष प्रोटीन का इस्तेमाल किया गया।
बांग्लादेश : चक्रवात से पहले 50 लाख को सुरक्षित निकाला गया
बांग्लादेश और म्यांमार की तरफ बेहद खतरनाक उष्णकटिबंधीय चक्रवाती तूफान (मोचा) तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसे देखते हुए बांग्लादेश ने शनिवार को दक्षिण-पूर्वी समुद्र तट पर हजारों लोगों को तत्काल जगह खाली करने का आदेश दिया है। इस चक्रवाती तूफान से कॉक्स बाजार स्थित दुनिया के सबसे बड़े रोहिंग्या शरणार्थी शिविर को खतरा है। इसे लेकर मौसम कार्यालय ने उच्च स्तरीय अलर्ट जारी किया है। मोचा तूफान के रविवार को तट से टकराने की आशंका के मद्देनजर बांग्लादेश-म्यांमार सीमा के पास भूस्खलन की भविष्यवाणी की गई है। आपदा प्रबंधन मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि हमारे दक्षिण-पूर्वी समुद्र तटों में लाखों लोग खतरे में हैं।
इटली : पोप ने की कम जन्मदर की निंदा, बोले- ज्यादा बच्चे पैदा करें
इटली में शिशु जन्मदर गिरने पर देश के आर्थिक भविष्य को लेकर चिंता के बीच पोप फ्रांसिस ने इटली के लोगों से अधिक बच्चे पैदा करने को कहा। उन्होंने वित्तीय अनिश्चितता का सामना कर रहे युवाओं के स्वार्थी विकल्पों के चलते घटती जन्मदर की निंदा भी की और उन्हें ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों के स्थान पर पालतू पशुओं को पालने वाले दंपतियों की निंदा की। साथ ही परिवार को भविष्य के लिए जरूरी कहा।
यूक्रेन को 3 अरब डॉलर की बड़ी सैन्य मदद देगा जर्मनी
जर्मनी अब यूक्रेन को टैंक, विमान-रोधी प्रणाली और गोला-बारूद समेत 2.7 अरब यूरो (3 अरब डॉलर) से अधिक की अतिरिक्त सैन्य मदद देने जा रहा है। जर्मनी सरकार ने शनिवार को इस संबध में घोषणा की। जर्मनी ने यह घोषणा ऐसे समय की है, जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की पहली संभावित जर्मनी यात्रा को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। रक्षामंत्री बोरिस पिस्टोरियस ने कहा कि जर्मनी नवीनतम सैन्य पैकेज के जरिये दिखाना चाहता है कि वह यूक्रेन का ‘समर्थन करने के मामले में गंभीर’ है। उन्होंने कहा कि जर्मनी यथासंभव यूक्रेन की मदद करेगा। जेलेंस्की के रविवार को जर्मनी की यात्रा पर आने की संभावना है।