भारतीय राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने वाशिंगटन में उच्चतम स्तर पर इस मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठाया और कंडुला की हत्या तथा वाशिंगटन राज्य के सिएटल में पुलिस अधिकारी के अत्यधिक असंवेदनशील व्यवहार पर त्वरित कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद अमेरिकी सरकार हरकत में आई।
कंडुला (23 वर्षीय ) की जनवरी में उस समय मौत हो गई थी जब अधिकारी केविन डेव द्वारा चलाए जा रहे एक पुलिस वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी। सिएटल टाइम्स अखबार ने सोमवार को खबर दी कि ओवरडोज की रिपोर्ट के बाद वह रास्ते में 74 मील प्रति घंटे (119 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक) की रफ्तार से गाड़ी चला रहा था।
कंडुला क्रॉसवॉक में थी और 23 जनवरी को जब पुलिस की गश्ती कार ने उसे टक्कर मारी तो वह उछलकर सौ फीट दूर जा गिरी। सिएटल पुलिस विभाग द्वारा सोमवार को जारी फुटेज में अधिकारी डैनियल ऑडरर इस भयावह दुर्घटना के बारे में हंसते हुए कहते नजर आए कि डेव की गलती हो सकती है या आपराधिक जांच आवश्यक है।
अमेरिकी सांसदों और भारतीय-अमेरिकियों ने कंडुला की मौत पर आक्रोश व्यक्त किया है। बाइडन प्रशासन ने भारत सरकार को घटना की त्वरित जांच कराने और इसके लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को न्याय के कटघरे में लाने का आश्वासन दिया है।
बताया जा रहा है कि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने राजदूत और भारत सरकार को आश्वासन दिया कि उन्होंने पूरी घटना को बहुत गंभीरता से लिया है। वे वाशिंगटन डीसी से इसकी जांच की निगरानी कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पर्याप्त जवाबदेही हो।