भारतीयों को यूक्रेन सीमा से निकालने में बाधा आ रही है। वहां के जटिल हालात को लेकर भारत ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र को अवगत कराया। भारत अपने नागरिकों की निकासी के पूरे प्रयास कर रहा है। इसके साथ ही यूक्रेन के पड़ोसी देशों द्वारा भारत के लोगों को निकालने में मदद के प्रति आभार भी जताया।
भारत के स्थायी दूत टीएस तिरुमूर्ति ने संयुक्त राष्ट्र में यूक्रेन के हालात पर आपात सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीयों को निकालने के हरसंभव उपाय किए जा रहे हैं। तिरुमूर्ति ने कहा कि इस महत्वपूर्ण मानवीय संकट को जल्द से जल्द हल करने की जरूरत है।
कूटनीतिक हल के अलावा कोई चारा नहीं
तिरुमूर्ति ने संयुक्त महासभा को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि भारत का स्पष्ट मानना है कि यूक्रेन संकट का कूटनीतिक हल निकालने के अलावा कोई चारा नहीं है। भारत हमेशा से चाहता है कि विवादों का शांतिपूर्ण हल निकाला जाना चाहिए। इसलिए यूक्रेन के मामले में भी कूटनीति के रास्ते पर लौटना चाहिए।