ब्रिटेन सरकार ने देश में कोरोना के कारण जारी लॉकडाउन को आसान बनाने के लिए ‘सपोर्ट बबल’ बनाया है। इसके तहत लोगों को कई सुविधाएं दी जाएंगी। पीएम बोरिस जॉनसन ने कहा कि सपोर्ट बबल के तहत लोग एक-दूसरे के घर में समय बिता सकते हैं, जहां उन्हें दो मीटर की दूरी रखनी होगी। इस दौरान यदि किसी भी सदस्य में कोरोना के लक्षण नजर आते हैं तो सभी को सेल्फ आइसोलेशन में रहना जरूरी होगा।
संक्रमण के चलते श्रीलंका में एक बार फिर संसदीय चुनाव टाल दिए गए हैं। यहां 20 जून को चुनाव होने थे, जो अब पांच अगस्त को होंगे। इससे पहले यहां 25 अप्रैल को चुनाव होने थे। इस बार चुनाव में सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क पहनने के दिशा-निर्देंशों को लागू किया जा रहा है। देश में अब तक 1,869 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 11 लोगों की मौत हो चुकी है।
पाकिस्तान में 24 घंटे में संक्रमण के 5,834 मामले सामने आए हैं। यह एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। सरकार ने यहां लॉकडाउन खत्म कर दिया है। इसके बाद यहां संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। देश में अब तक 1.19 लाख से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 2,356 मौतें हो चुकी हैं। यहां सिंध और पंजाब प्रांत में सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
इटली में महामारी की शुरुआत से अब तक 4,564 बच्चे संक्रमित हो चुके हैं, जिनमें से चार की मौत हो चुकी है। इनमें से ज्यादातर बच्चे 7 से 17 साल के हैं। जबकि बीमारी से मारे गए सभी बच्चे सात साल से कम उम्र के थे। सभी संक्रमित बच्चों का घर पर ही इलाज किया गया, केवल 100 बच्चों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया था।