उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन चीन पहुंच गए हैं। किम जोंग उन बुधवार को चीन की सैन्य परेड में बतौर अतिथि शिरकत करेंगे। किम जोंग उन अपनी खास ट्रेन से चीन पहुंचे और एक बार फिर उनकी ये ट्रेन चर्चा में आ गई है। उत्तर कोरियाई नेता की हरे रंग और पीली पट्टी वाली ये ट्रेन लोगों के आकर्षण का केंद्र रही है और जब भी उत्तर कोरियाई नेता विदेश दौरों पर जाते हैं तो इसी ट्रेन का इस्तेमाल करते हैं। यह ट्रेन बेहद खास है और ऐसा दावा किया जाता है कि यह ट्रेन बुलेटप्रूफ है और इस पर बम-मिसाइल का भी असर नहीं होता है।
विदेश दौरों पर इसी ट्रेन से जाते हैं किम जोंग उन
किम जोंग उन जिस रेलगाड़ी से चीन पहुंचे हैं, वह बेहद खास है और पीढ़ियों से उत्तर कोरियाई शासक देश-विदेश के दौरों के लिए इस ट्रेन का इस्तेमाल करते आए हैं। किम जोंग उन ने विदेश दौरों के लिए एक-दो बार हवाई जहाज का इस्तेमाल किया है, लेकिन किम जोंग उन के पिता और पूर्व उत्तर कोरियाई शासक किम जोंग इल हमेशा इस खास रेलगाड़ी से ही सफर करते थे।
विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उत्तर कोरियाई शासक की यह खास ट्रेन लग्जरी और अपने सुरक्षा उपायों के लिए जानी जाती है। ऐसे में इसे चलता-फिरता राजमहल कहा जाए तो गलत नहीं होगा। इस ट्रेन को बुलेटप्रूफ और मिसाइल प्रूफ बताया जाता है। यह ट्रेन करीब 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से दौड़ सकती है। इस ट्रेन में कॉन्फ्रेंस रूम, ऑडियंस चैंबर, आराम के कमरे बने हैं। इस ट्रेन में सैटेलाइट फोन की सुविधा भी है। किम जोंग इल के समय में इस ट्रेन के देशभर में संचालन के लिए 20 स्टेशन बनाए गए थे। उत्तर कोरियाई नेताओं का परिवार भी अपने दौरों के लिए इस खास ट्रेन का ही इस्तेमाल करता है।
ये भी पढ़ें-
US Politics: 'PAK में परिवार के कारोबार के कारण भारत से मजबूत संबंधों की दी बलि', पूर्व NSA का ट्रंप पर हमला
ट्रेन में दो बख्तरबंद मर्सिडीज गाड़ियां भी रहती हैं मौजूद
उत्तर कोरिया की तरह ही इस ट्रेन की खासियतों के बारे में भी दुनिया को बहुत ज्यादा जानकारी नहीं है और जब किम जोंग उन विदेश दौरों पर जाते हैं, तभी इस ट्रेन की तस्वीरें दुनिया के सामने आती हैं। साल 2023 में जब किम जोंग उन ने रूस का दौरा किया था, उस वक्त भी वे इसी ट्रेन से रूस पहुंचे थे। उस वक्त जो तस्वीरें सामने आईं थी, उनमें ट्रेन के भीतर का शानदार इंटीरियर, फर्नीचर आदि की झलक देखने को मिली थी। साथ ही खाने-पीने के लिए किचन, रेस्तरां और अन्य सभी सुख सुविधाओं से लैस इस ट्रेन में किम का कार्यालय भी है, जहां से वे सफर के दौरान भी अपने सभी जरूरी काम कर सकते हैं। चीनी मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस ट्रेन में 10-15 डिब्बे होते हैं, जिनमें से कुछ सिर्फ उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन के द्वारा इस्तेमाल किए जाते हैं। इस ट्रेन में किम जोंग उन की दो बख्तरबंद मर्सिडीज गाड़ियां भी होती हैं।
विदेशों में कैसे दाखिल होती है ये ट्रेन?
जब भी किम जोंग उन विदेश दौरा करते हैं तो उत्तर कोरिया की सीमा तक वे इस ट्रेन से सफर करते हैं। जब सीमा पार करते हैं कुछ बदलाव किए जाते हैं। जैसे जब किम जोंग उन ने रूस का दौरा किया था तो वहां के गेज चौड़े हैं, जिसके चलते किम की ट्रेन के पहियों को बदला गया था। चीन में ऐसे किसी बदलाव की जरूरत नहीं है, लेकिन चीन में किम की ट्रेन के इंजन को बदला जाता है और उसमें चीन में बने खास इंजन लगाए जाते हैं