फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में चाकूबाजी: महिला ने दो लोगों को मारा चाकू, पुलिस की गोली से हमलावर ढेर

Tue, 01 Sep 2026 09:14 AM IST
Devesh Tripathi पीटीआई, न्यूयॉर्क

सार

न्यूयॉर्क के बेहद व्यस्त टाइम्स स्क्वायर इलाके में सोमवार को हुई हिंसक घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। 49 वर्षीय महिला ने अचानक दो लोगों पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने महिला को समझाने की कोशिश की। महिला के हथियार छोड़ने से इनकार करने और पुलिसकर्मियों को धमकी देने के बाद दो अधिकारियों ने गोली चला दी।
विज्ञापन
न्यूयॉर्क में चाकूबाजी - फोटो : Crime Demo
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिका में न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में एक महिला ने दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद पुलिस ने हमलावर महिला को गोली मार दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने बताया कि हमले में घायल एक महिला की भी मौत हो गई। 
विज्ञापन


सोमवार को हुई यह घटना न्यूयॉर्क पुलिस विभाग की एक चौकी के पास वन टाइम्स स्क्वायर के ठीक बाहर हुई। इसी इमारत में शहर में हर साल होने वाले नववर्ष की पूर्व संध्या के बॉल ड्रॉप कार्यक्रम का आयोजन होता है। यह न्यूयॉर्क के सबसे ज्यादा पर्यटकों और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी वाले इलाकों में से एक है।

घायल महिला की अस्पताल में हुई मौत
पुलिस के अनुसार, क्वींस की रहने वाली 49 वर्षीय महिला ने खरीदारी के बैग से दो चाकू निकाले। उसने पहले 68 वर्षीय व्यक्ति के पेट में चाकू मारा। इसके तुरंत बाद उसने 32 वर्षीय महिला के पेट में भी चाकू मार दिया। दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, महिला की मौत हो गई, जबकि पुरुष की हालत स्थिर है। पुलिस ने यह नहीं बताया कि दोनों पीड़ित शहर घूमने आए पर्यटक थे या स्थानीय निवासी।
विज्ञापन


सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में कम से कम 10 पुलिसकर्मी महिला को घेरे दिखाई दे रहे हैं। उसके हाथ में रसोई में इस्तेमाल होने वाले दो बड़े चाकू थे। पुलिस आयुक्त जेसिका टिश ने सोमवार शाम संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पुलिसकर्मियों ने कई मिनट तक महिला को चाकू छोड़ने के लिए समझाने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने उस पर टेजर का इस्तेमाल किया।

हमलावर महिला को पुलिस ने मारी गोली
टिश के अनुसार, महिला ने पुलिसकर्मियों से कहा, "मैं कुछ नहीं छोड़ रही हूं, मैं तुम दोनों को मारना पसंद करूंगी।" इसके बाद दो पुलिसकर्मियों ने महिला को गोली मार दी। राहगीरों द्वारा बनाए गए वीडियो में महिला जमीन पर गिरती दिखाई दे रही है। इसके बाद एक पुलिसकर्मी ने उसके हाथ में हथकड़ी लगाई। पुलिसकर्मियों ने उसे पीठ के बल लिटाया और प्राथमिक उपचार दिया।

टिश ने कहा, "यह टाइम्स स्क्वायर के बीचोंबीच सामने आई बेहद खतरनाक स्थिति थी, जो दुनिया का चौराहा है।" टिश ने बताया कि महिला का न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के पास मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा रिकॉर्ड था, लेकिन उसका कोई गिरफ्तारी रिकॉर्ड नहीं था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। टिश ने कहा कि ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे यह संकेत मिले कि यह आतंकवादी हमला था।

हमले के बाद क्या बोले मेयर ममदानी?
पुलिस के अनुसार, पीड़ितों के नाम उनके परिजनों को सूचना दिए जाने तक जारी नहीं किए गए हैं। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने कहा, "हम जानते हैं कि आज जो हुआ, उससे उन परिवारों की जिंदगी बिखर गई है और हम आने वाले घंटों, दिनों और हफ्तों में उनके साथ खड़े रहेंगे।"

न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने 7वीं एवेन्यू के एक हिस्से को बंद कर दिया और लोगों को इलाके से दूर रहने की चेतावनी दी। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी थी और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी वहां जांच में जुटे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें