गुरुवार की रात को सीएनएन के पास बम की धमकी वाला फोन आय़ा। जिसके बाद दफ्तर को खाली कराया गया। हालांकि 40 मिनट बाद ही नेटवर्क दोबारा ऑन एयर आ गया। अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि यह केवल एक अफवाह थी। 11 बजे के बाद सीएनएन के अधिकारियों ने बताया कि सभी सुरक्षित हैं और प्राधिकरण ने बताया कि सबकुछ ठीक है।
बम धमकी की जानकारी ट्विटर पर सीएनएन के एंकर ब्रायन स्टेलटर ने दी। उन्होंने लिखा, 'न्यूयॉर्क पुलिस विभाग सीएनएन के न्यूयॉर्क के कोलंबस सर्कस पर स्थित दफ्तर में बम होने की धमकी की जांच कर रहा है। धमकी के कारण दफ्तर को खाली करवा लिया गया है। इस परेशानी के कारण फिलहाल सीएनएन रिकॉर्डिड कार्यक्रम चला रहा है।'
59वीं स्ट्रीट और मैनहट्टन के सेंट्रल पार्क के मिडटाउन के क्षेत्र में वाहनों और पैदलयात्रियों के लिए बंद कर दिया गया था। अधिकारियों ने मामले की जांच की और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया। यह घटना उस समय हुई जब सीएनएन के डॉल लेमन ऑन एयर थे।
लेमन ने कहा कि फोन दक्षिण से आया था और उसमें कहा गया था कि इमारत में कम से कम पांच बम मौजूद हैं। जिसके तुरंत बाद लोगों को बाहर निकाला गया। नेटवर्क का कहना है कि इसी तरह अक्तूबर में भी दफ्तर को खाली कराया गया था जब वहां से विस्फोटक उपकरण बरामद हुआ था।