स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतवंशियों की तरफ से निकाली गई इंडिया डे परेड को लेकर अमेरिकी शहर न्यूयॉर्क में खासा उत्साह रहा। बड़ी संख्या में शामिल भारतवंशियों ने हाथों में तिरंगा लिए भारत माता की जय और धार्मिक नारे लगाए। जगह-जगह बैनर व पोस्टर भी लगाए गए थे। रैली में 40 झाकियां शामिल थीं। श्रीराम मंदिर की झांकी ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोगों ने श्रद्धा व उत्साह के साथ झांकी पर फूल चढ़ाए। भाजपा सांसद व अभिनेता मनोज तिवारी, अभिनेता पंकज त्रिपाठी, सोनाक्षी सिन्हा व जहीर इकबाल कार्यक्रम के अतिथि थे।
स्थानीय समयानुसार रविवार को मैडिसन एवेन्यू के ईस्ट 38 स्ट्रीट से ईस्ट 27 स्ट्रीट तक परेड निकाली गई। सोनाक्षी सिन्हा ग्रैंड मार्शल थीं। फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन के अनुसार, परेड में 40 से अधिक झांकियां, 50 से अधिक मार्चिंग ग्रुप व 30 से अधिक मार्चिंग बैंड के साथ-साथ मशहूर हस्तियां शामिल हुईं।
परेड के दौरान राष्ट्रभक्ति व धार्मिक गीत बजाए गए। लोग हाथों में झंडे लिए ढोल-बाजों के साथ आनंद में सराबोर दिख रहे थे। परेड के अलावा सांस्कृतिक प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें भारतीय कला-संस्कृति व खानपान से जुड़ी 45 दुकानें लगाई गई थीं। भारत के स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में न्यूयॉर्क में हर साल इंडिया डे परेड का आयोजन होता है। इस साल 42वीं इंडिया डे परेड निकाली गई।
भारत से एयर कार्गो से भेजी गई 18 फुट लंबी श्रीराम मंदिर की झांकी
परेड में लकड़ी से बनी श्रीराम मंदिर की झांकी ने सबका ध्यान खींचा। 18 फुट लंबी, नौ फुट चौड़ी व आठ फुट ऊंची इस झांकी को भारत में बनाया गया और परेड में भाग लेने के लिए झांकी को एयर कार्गो से न्यूयॉर्क भेजा गया। यह झांकी अयोध्या में निर्मित श्रीराम मंदिर की प्रतिकृति थी, जिसे फूलों से सजाया गया था।
दिखी भारत की विविधता में एकता, विभिन्न समुदायों का प्रतिनिधत्व
आध्यात्मिक गुरु स्वामी अवधेशानंद गिरि ने कहा, मैं भारतीय-अमेरिकी समुदाय के निमंत्रण पर परेड में भाग लेने आया हूं। राम मंदिर की झांकी ने खूब आकर्षण बटोरा। श्रीराम मंदिर की झांकी दर्शाती है कि भारत की संस्कृति पूरे विश्व को एक परिवार मानती है। फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन के चेयरमैन अंकुर वैद्य ने कहा, यह परेड भारत की विविधता को दर्शाती है। इसमें भारत के विभिन्न समुदायों का प्रतिनिधित्व है।
परेड के चलते ये सड़कें रहीं बंद
- पार्क एवेन्यू और 5वें एवेन्यू के बीच 37वीं स्ट्रीट और 38वीं स्ट्रीट
- 38वीं स्ट्रीट और 27वीं स्ट्रीट के बीच मैडिसन एवेन्यू
- पार्क एवेन्यू साउथ और 5वें एवेन्यू के बीच 27वीं स्ट्रीट
- 24वीं स्ट्रीट और 26वीं स्ट्रीट के बीच मैडिसन एवेन्यू
- मैडिसन एवेन्यू और पार्क एवेन्यू साउथ के बीच 26वीं स्ट्रीट
इंडिया डे परेड से पहले विवादास्पद रही राम मंदिर की झांकी
इंडिया डे परेड से पहले राम मंदिर की झांकी विवादस्पद बनी रही। ध्वस्त मस्जिद के ऊपर बने राम मंदिर का जश्न मनाने वाली परेड की मुस्लिम विरोधी के रूप में आलोचना की गई। भारतीय अमेरिकी मुस्लिम परिषद और अन्य आस्था-आधारित समूहों ने परेड आयोजकों से राम मंदिर की झांकी को हटाने का आह्वान किया। कहा है कि मंदिर को दक्षिण एशियाई राष्ट्र में मस्जिदों के विनाश और मुसलमानों के खिलाफ हिंसा का महिमामंडन करने वाला प्रतीक माना जाता है। हालांकि, परेड आयोजकों ने झांकी को हटाने की मांग को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि यह एक पवित्र स्थल के उद्घाटन का जश्न है जो करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा है।
स्वामी अवधेशानंद गिरि भी भारत दिवस परेड में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क पहुंचे। यहां से उन्होंने कहा, 'मैं न्यूयॉर्क में भारत दिवस परेड में शामिल हो रहा हूं। मैं यहां बहुत उत्साह देख सकता हूं। भारत की संस्कृति यहां दिखाई दे रही है।