बांग्लादेश की राजधानी ढाका में अराजक तत्वों ने एक मीडिया संस्थान के कार्यालय में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और एक महिला पत्रकार से मारपीट भी की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बशुंधरा आवासीय क्षेत्र में हॉकी स्टिक और डंडों से लैस कम से कम 70 लोग ईस्ट वेस्ट मीडिया ग्रुप के ऑफिस में घुस गए। इसके बाद उन्होंने कार्यालय के अंदर जमकर तोड़फोड़ की साथ ही विरोध करने पर एक महिला पत्रकार के साथ मारपीट भी की है, जिसमें महिला को मामूली चोटें आ गई हैं।
ईस्ट वेस्ट मीडिया ग्रुप के प्रकाशन द डेली सन के संपादक एनामुल हक चौधरी ने कहा कि हमला लगभग 20 मिनट तक जारी रहा, हमलावरों ने इस दौरान खड़े हुए करीब 11 वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की।
हमले के बाद आसपास के दो निजी विश्वविद्यालयों के छात्र भी बाद में आए और हमले की निंदा की। साथ ही में छात्रों ने कहा कि हम इस हमले में शामिल नहीं थे। छात्रों ने बताया कि हमला राजनीतिक कारणों से नहीं बल्कि किसी दुश्मनी के कारण किया गया है।
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने ईस्ट-वेस्ट मीडिया ग्रुप पर हुए कायरतापूर्ण हमले की आलोचना की है।
बीएनपी ने बयान में कहा कि बदमाशों के एक समूह ने ईस्ट-वेस्ट मीडिया ग्रुप पर बशुंधरा आवासीय क्षेत्र में उसके भवन में घुसकर हॉकी स्टिक से हमला किया, जिससे कंप्यूटर और एसी सहित उपकरण और मशीनों को नुकसान पहुंचा। कहा कि यह जघन्य हमला एक मकसद और साजिश के तहत किया है।
सत्ता छोड़ने के बाद शेख हसीना पर 15 मामले दर्ज
बांग्लादेश में आरक्षण प्रणाली के खिलाफ आंदोलन के दौरान तीन लोगों की मौत के मामले में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी सरकार के पूर्व मंत्रियों और अन्य लोगों के खिलाफ तीन नए मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही सत्ता छोड़ने के बाद से शेख हसीना के खिलाफ हत्या के कुल 15 मामले दर्ज हो चुके हैं।