बीते साल विश्व भर में कई आतंकी घटनाएं हुईं। इन सबके इतर दुनिया भर में लोग आतंकवादी घटनाओं की धमकियों को धता बताते हुए नये साल के जश्न में डूबे हुए हैं। आस्ट्रेलिया के सिडनी शहर के खूबसूरत समुद्रतट पर आतिशबाजी देखने के लिए लोग भारी संख्या में जुटे।
न्यू साउथ वेल्स प्रांत के प्रीमियर माइक बेयर्ड ने कहा, मैं नए साल की पूर्व संध्या का जश्न मनाने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करता हूं। पुलिस सारे प्रयास कर रही है और वे हमें सुरक्षित रख सकते हैं। इस जश्न के खिलाफ में ऑनलाइन धमकियां देने के सिलसिले में एक व्यक्ति कि गिरफ्तारी के बाद शहर में दो हजार अतिरिक्त सुरक्षा अधिकारियों को तैनात किया गया है।
इस बार आतिशबाजी देखने के लिए शहर में करीब 15 लाख लोग जुटे हैं। यह सामान्यत: जुटने वाले लोगों से अधिक है। सप्ताहांत का समय होने तथा मौसम गर्म होने के कारण इस बार अधिक लोग जुट रहे हैं।
बीते साल विश्व ने बर्लिन, पेरिस, तुर्की समेत पश्चिम एशिया में कई भयानक आतंकवादी घटनाओं को देखा है। दुनिया भर में नव वर्ष की पूर्व संध्या पर आतंकवादी घटनाओं की धमकियां और आशंकाएं हो रही हैं। पुलिस ने मेलबोर्न में क्रिसमस के मौके पर आतंकवादी हमले की साजिश का पर्दाफाश किया था।