Gaza Crisis: गाजा में शनिवार को इस्राइली हमलों में 25 फलस्तीनियों की मौत हो गई, जिनमें आधे से ज्यादा महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। दुनियाभर की सरकारें और राहत संगठन इस्राइल से युद्ध रोकने की अपील कर रहे हैं, लेकिन इस्राइल हमले तेज करने की तैयारी में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गाजा में अब कोई भी जगह सुरक्षित नहीं बची है और सभी जगह बमबारी हो रही है।
गाजा में शिविरों में शरण ले रहे और भोजन की तलाश में भटक रहे 25 लोगों की शनिवार को इस्राइली हमलों में मौत हो गई। स्थानीय अस्पतालों ने इसकी पुष्टि की है। गाजा के सबसे बड़े शहर में यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब भुखमरी को लेकर दुनियाभर की सरकारें इस्राइल की आलोचना कर रही हैं।
विज्ञापन
दुनियाभर की सरकारें और राहत संगठन इस्राइल पर दबाव बना रहे हैं कि वह गाजा में पिछले 22 महीनों से जारी हमलों को रोके। सात अक्तूबर 2023 को हमास ने इस्राइल पर हमला किया था। जिसके बाद युद्ध शुरू हुआ। राहत संगठनों का कहना है कि कई महीनों से गाजार में जारी युद्ध और भोजन पर इस्राइल की पाबंदियों के कारण आम नागरिक भूख से तड़प रहे हैं। हालांकि, इस्राइल गाजा में भुखमरी के दावे को खारिज कर रहा है और उसकी सेना गाजा सिटी पर कब्जा करने की तैयारी में जुटी है।
इस बीच, युद्ध विराम की कोशिशें भी थमी हुई हैं, क्योंकि अब सभी नजरें इस्राइल के अगले कदम पर टिकी हैं। नासेर अस्पताल के दस्तावेज और स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को दक्षिण गाजा में हुए इस्राइली हमलों में 14 लोगों की मौत हुई। उन्होंने बताया कि ये हमले खान यूनिस पर किए गए, जहां हजारों विस्थापित शरण लिए हुए थे। मारे गए लोगों में आधे से ज्यादा महिलाएं और बच्चे थे।
मारे गए दो बच्चों के चाचा अवाद अबू अगाला ने कहा, अब गाजा में कोई भी जगह सुरक्षित नहीं है। पूरे गाजा पर बमबारी हो रही है, दक्षिण, उत्तर, हर जगह। एक शोक में डूबी महिला हिकमत फौजो ने युद्धविराम की अपील की। उन्होंने कहा, हम बस थोड़ा आराम चाहते हैं। हम पर रहम कीजिए।
उधर, उत्तरी गाजा में जिकिम क्रॉसिंग के पास शनिवार को भोजन की तलाश में आए पांच लोगों को इस्राइली गोलीबारी में जान गंवानी पड़ी। संयुक्त राष्ट्र और अन्य एजेंसियां जिकिम क्रॉसिम पर ही मदद पहुंचाती हैं। बाकी इलाकों में हुए हमलों में आज छह और लोगों की मौत हुई। इस्राइली सेना ने इन मौतों को लेकर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।