सार
इस्राइल और हमास के बीच गाजा युद्ध रोकने को लेकर दोहा में बातचीत जारी है। वहीं अमेरिका के प्रस्ताव पर विचार करते हुए इस्राइली पीएम नेतन्याहू ने युद्ध विराम के लिए तीन शर्तें रखी है। जिसमें सभी बंधकों की रिहाई, हमास आतंकियों का गाजा से बाहर जाना और गाजा का पूरी तरह निरस्त्रीकरण जैसी शर्तें शामिल है।
इस्राइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू
- फोटो : एक्स/इस्राइल पीएम
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने रविवार को बताया कि कतर की राजधानी दोहा में इस्राइली वार्ताकार गाजा युद्ध को रोकने और सभी बंधकों की रिहाई के लिए एक व्यापक समझौते की संभावना पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। यह बातचीत अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ की ओर से दिए गए प्रस्ताव के आधार पर हो रही है। बता दें कि अमेरिका के इस प्रस्ताव में पहले अस्थायी युद्धविराम और कुछ इस्राइली बंधकों की रिहाई की बात कही गई है, जिसके बाद धीरे-धीरे फलस्तीनी कैदियों की रिहाई, स्थायी संघर्ष विराम और अंतिम शांति वार्ता का रास्ता तैयार करने की योजना शामिल है।
इस्राइल ने रखी ये तीन शर्त
हालांकि दूसरी ओर इस्राइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने इस शांति प्रस्ताव पर अपना रुख साफ करत हुए कुछ शर्ते रखी। उन्होंने कहा कि युद्ध विराम के लिए हर संभावना पर विचार किया जा रहा है, लेकिन इसके लिए पहले कुछ शर्तें माननी होगी। साथ ही नेतन्याहू ने कहा कि किसी भी प्रस्ताव पर तबतक बातचीत नहीं होगी जबतक हमारे सभी बंधकों की रिहाई नहीं हो जाती।
उन्होंने दूसरी शर्त रखी कि हमास के आतंकियों को गाजा से बाहर जाना होगा। साथ ही नेतन्याहू ने ये भी शर्त रखी की है कि गाजा को हथियारों से पूरी तरह खाली किया जाना चाहिए। बता दें कि इस्राइल अब तक 197 बंधकों को वापस ला चुका है और बाकी 58 लोगों की रिहाई के लिए कोशिशें जारी हैं। इनमें से 36 के मारे जाने की आशंका है।
ये भी पढ़ें:- Joe Biden Cancer: 82 वर्षीय पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति प्रोस्टेट कैंसर से पीड़ित, हड्डियों तक फैल चुकी है बीमारी
इस्राइली सरकार में मतभेद
अब इस प्रस्ताव को इस्राइली सरकार में भी मतभेद की खबरें सामने आ रही है। कारण है कि इस्राइली सरकार में इस प्रस्ताव को लेकर एकराय नहीं है। राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-गवीर ने इस योजना का विरोध करते हुए कहा कि हमास को पूरी तरह हराए बिना युद्ध नहीं रुकना चाहिए।
हमास नेता की मौत का दावा
इस बीच, इस्राइल के रक्षा मंत्री ने बताया कि हमास नेता मोहम्मद सिनवार की मौत हो चुकी है। वो गाजा के खान यूनिस में एक इस्राइली सेना के हवाई हमले में मारे गए। मोहम्मद, हमास के बड़े नेता याह्या सिनवार के भाई थे और बंधकों की रिहाई के खिलाफ थे।
ये भी पढ़ें:- Eli Cohen: इस्राइली जासूस को सीरिया में हुई थी फांसी, 60 साल बाद PM नेतन्याहू ने पत्नी को लौटाई कई अहम चीजें
अबतक युद्ध में क्या-क्या हुआ..
गौरतलब है कि सात अक्तूबर 2023 के हमास ने दक्षिणी इस्राइल पर हमला कर 1,200 लोगों को मार डाला। इसके जवाब में इस्राइल ने गाजा में बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय की माने तो इस्राइल के हमले में अब तक लगभग 53,000 फलस्तीनी मारे जा चुके हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। वहीं लाखों लोगों को विस्थापित होना पड़ा।