नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल 'प्रचंड'
- फोटो : सोशल मीडिया
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ ने गुरुवार को एक बार फिर अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। इस बार तीन नए मंत्रियों को शामिल किया गया है। इसके साथ ही मंत्रिपरिषद के कुल मंत्रियों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। इसमें दो राज्यमंत्री भी हैं। इस बार कानून, न्याय और संसदीय मामलों के मंत्री धनराज गुरुंग, स्वास्थ्य और जनसंख्या मंत्री मोहन बहादुर बासनेत और युवा और खेल मंत्री दिग बहादुर लिंबू का नाम सामने आया हैं। तीनों मंत्री नेपाली कांग्रेस पार्टी के हैं।
राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने राष्ट्रपति भवन में नव नियुक्त मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान प्रधानमंत्री प्रचंड भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री प्रचंड की सिफारिश पर राष्ट्रपति ने बुधवार को तीनों नेताओं को मंत्री पद पर नियुक्त किया। प्रचंड के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में नेपाली कांग्रेस के मंत्रियों की संख्या अब आठ हो गई है, जिसमें एक उपप्रधानमंत्री भी शामिल है।
चार महीने के भीतर आठवीं बार कैबिनेट फेरबदल
नेपाल के पीएम प्रचंड को लगभग चार महीने के भीतर दो बार फ्लोर टेस्ट और आठ बार कैबिनेट में फेरबदल करना पड़ा है। 20 मार्च को विश्वास मत के दौरान 10 दलों ने समर्थन दिया था और सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल हुए थे। इसके बाद दहल पांच और दलों को साथ लेने में कामयाब रहे थे।
अभी भी दो मंत्रालय पीएम दहल के पास
अधिकांश मंत्रालयों को भरने के बावजूद, पीएम दहल के पास अभी भी विदेश मंत्रालय के अलावा वन और पर्यावरण मंत्रालय है।