नेपाल सरकार ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए लगाए गए लॉकडाउन की अवधि को 27 अप्रैल तक बढ़ाने का निर्णय लिया। एक आधिकारिक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी गई है। नेपाल में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है।
देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 16 हो गई है जिसके बाद यहां मंत्रिमंडल की एक बैठक के दौरान लॉकडाउन की अवधि बढ़ाए जाने का निर्णय लिया गया। देश में 24 मार्च से लॉकडाउन लागू है और बुधवार को इसकी अवधि समाप्त होने वाली थी।
बयान में कहा गया है, ‘मंत्रिमंडल की एक बैठक में उच्च स्तरीय कोविड-19 रोकथाम एवं नियंत्रण समिति की सिफारिश के अनुसार इस संबंध में निर्णय लिया गया।’ लॉकडाउन के तहत सभी सरकारी सेवाओं को बंद कर दिया गया है। इसके अलावा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी रोक लगाई गई है।
अमेरिका के जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय के अनुसार दुनियाभर में इस महामारी से 119,666 लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग 20 लाख लोग इस जानलेवा वायरस से संक्रमित हैं।