सार
नेपाल में 5 मार्च 2026 को होने वाले आम चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज है। भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने नेपाल के गृहमंत्री ओम प्रकाश आर्यल से मुलाकात कर शांति, सुरक्षा और सीमा सहयोग पर चर्चा की। आर्यल ने कहा कि सरकार निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए प्रतिबद्ध है।
नेपाल में अगले साल मार्च में होने वाले आम चुनाव से पहले नेपाल की राजनीति में गर्माहट तेज हो गई है। हाल में हुए संघर्ष के बाद अंतरिम प्रधानमंत्री बनीं सुशीला कार्की समेत सभी छोटी-बड़ी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारी तेज कर दी है। इसी बीच इस चुनाव को लेकर रविवार को भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने नेपाल के गृहमंत्री ओम प्रकाश आर्यल से मुलाकात की। यह बैठक काठमांडू स्थित गृह मंत्रालय में हुई, जिसमें दोनों देशों के बीच शांति, सुरक्षा और सीमाई सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
बातचीत के बाद मिली जानकारी के अनुसार गृहमंत्री आर्यल ने राजदूत श्रीवास्तव को बताया कि सरकार की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखना, भ्रष्टाचार खत्म करना और सुशासन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार 5 मार्च 2026 को तय तारीख पर चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में कराने के लिए दिन-रात काम कर रही है।