नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा की नेपाली कांग्रेस (नेकां) नीत सत्तारूढ़ गठबंधन ने संसदीय चुनाव में बढ़त हासिल कर ली है। अभी तक जिन 101 सीटों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं, उनमें से 58 पर सत्तारूढ़ गठबंधन ने जीत दर्ज की है।
विज्ञापन
संघीय संसद के कुल 275 सदस्यों में से 165 का चयन प्रत्यक्ष मतदान के जरिये होगा, जबकि बाकी 110 को समानुपातिक चुनाव प्रणाली के माध्यम से चुना जाएगा। वहीं, सीपीएन-माओइस्ट सेंटर के खाते में नौ, सीपीएन-यूनिफाइड सोशलिस्ट के खाते में सात और राष्ट्रीय जनमोर्चा तथा समाजवादी पार्टी के खाते में दो-दो सीटें आई है। ये सभी सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा हैं।
माओवादी सेंटर और सीपीएन-यूनिफाइड सोशलिस्ट क्रमश: 10 और पांच सीटों पर आगे चल रही हैं। पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के नेतृत्व वाले मुख्य विपक्षी दल सीपीएन-यूएमएल (कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल-यूनिफाइड मार्क्ससिस्ट-लेनिनिस्ट) ने अभी तक 15 सीटों पर जीत दर्ज की है और 29 पर बढ़त बना ली है। वहीं, सीपीएन-यूएमएल के सहयोगी दल राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी और जनता समाजवादी पार्टी ने क्रमश: दो और एक सीट पर जीत दर्ज की है।
विज्ञापन
समानुपातिक वोटों में ओली की पार्टी आगे
नेपाल में समानुपातिक चुनावी प्रणाली के तहत पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली के गठबंधन सीपीएन-यूएमएल को सबसे अधिक वोट मिले हैं। पार्टी की झोली में 3,65,505 वोट गए हैं, जबकि नेपाली कांग्रेस को 3,37,328 और माओवादी सेंटर को 1,61,069 मत हासिल हुए हैं। नेपाल में संघीय संसद की 275 सीटों और सात प्रांतीय विधानसभाओं की 550 सीटों के लिए रविवार को मतदान हुआ था। प्रांतीय विधानसभाओं के कुल 550 सदस्यों में से 330 का चयन प्रत्यक्ष मतदान, जबकि 220 का चयन समानुपातिक प्रणाली से होगा।