भारत ने नेपाल में होने वाले चुनाव के लिए गाड़ियां तोफे में दी हैं। यह कुल 650 गाड़ियों की मदद की पहली खेप है। काठमांडू में भारतीय अधिकारी ने नेपाल के गृह मंत्री को चाबियां सौंपीं। नेपाल ने इस मदद के लिए भारत का आभार जताया है।
भारत ने अपने पड़ोसी देश नेपाल को पांच मार्च को होने वाले चुनावों के लिए मदद भेजी है। भारत ने मंगलवार को नेपाल सरकार को 60 पिक-अप गाड़ियां तोहफे में दीं। भारत कुल मिलाकर 650 गाड़ियां और दूसरा सामान देने वाला है। यह 60 गाड़ियां उसी मदद का पहला हिस्सा हैं।
विज्ञापन
भारतीय दूतावास ने क्या कहा?
काठमांडू में भारतीय दूतावास के प्रभारी डॉ. राकेश पांडे ने नेपाल के गृह मंत्री ओम प्रकाश आर्यल को ये खेप सौंपीं। भारतीय दूतावास ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि नेपाल सरकार ने चुनाव के लिए मदद मांगी थी। भारत ने जो गाड़ियां और सामान दिया है, वह उसी मांग को पूरा करने के लिए है।
मंत्री ने भारत सरकार का किया शुक्रिया
गृह मंत्री आर्यल ने इस मदद के लिए भारत सरकार का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते बहुत गहरे और मजबूत हैं। रिलीज में यह भी बताया गया कि भारत संसदीय चुनावों के लिए करीब 650 गाड़ियां देगा। बाकी बची हुई गाड़ियां अगले कुछ हफ्तों में अलग-अलग खेप में नेपाल पहुंचाई जाएगी।