नेपाल के भद्रपुर एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा टल गया। ये तब की बात है जब बुद्ध एयर की फ्लाइट शुक्रवार शाम एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसलकर घास के मैदान में जा रुकी। विमान में 51 यात्री और 4 क्रू मेंबर सवार थे।
नेपाल से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां शुक्रवार शाम बड़ा हादसा होने से बच गया। बुद्ध एयर का एक विमान भद्रपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया और करीब 200 मीटर दूर घास वाले इलाके में जा रुका। राहत की बात यह है कि विमान में सवार सभी 51 यात्री और चालक दल के 4 सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। जानकारी के अनुसार पास ही में एक नदी भी थी, अगर विमान नहीं रुकता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
बता दें कि विमान काठमांडू से उड़ान भर रहा था। बुद्ध एयर की फ्लाइट संख्या 901 काठमांडू से रात 8:23 बजे रवाना हुई थी। विमान का पायलट कैप्टन शैलेश लिंबू थे। विमान रात करीब 9:08 बजे भद्रपुर एयरपोर्ट पर उतरा। लैंडिंग के दौरान विमान अपना संतुलन खो बैठा और रनवे पार करते हुए किनारे स्थित घास के मैदान में जाकर रुका।
पायलट की समझदारी से टला हादसा
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार विमान रनवे से बाहर निकलते ही यात्रियों में थोड़ी हड़बड़ी मच गई, लेकिन पायलट की समझदारी की वजह से कोई गंभीर चोट नहीं आई। झापा के मुख्य जिला अधिकारी शिवराम गेलाल ने बताया कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रवक्ता रिंजी शेरपा ने कहा कि विमान फिसलते हुए करीब 200 मीटर दूर घास वाले मैदान में रुका। विमान को मामूली नुकसान हुआ है, लेकिन सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।