अंतरराष्ट्रीय न्यूज चैनल सीएनएन ने प्राइम टाइम एंकर क्रिस कुओमो को शनिवार को बर्खास्त कर दिया। न्यूयॉर्क के पूर्व गवर्नर और यौन उत्पीड़न के आरोपी भाई एंड्रयू केुओमो की मदद करने की जानकारी सामने आने के बाद सीएनएन ने यह फैसला किया। एंड्रयू कुओमो पर पिछले वर्ष एक महिला ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था, जिसके बाद 11 महिलाओं ने एंड्रयू पर आरोप लगाए।
पाकिस्तान में एमनेस्टी इंटरनेशनल के लिए काम करने वाले इदरीश खटक को जासूसी का आरोप लगाकर 14 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है। डॉन अखबार ने रक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि फील्ड जनरल कोर्ट मार्शल (एफजीसीएम), झेलुम ने खटक को जासूसी और संवेदनशील दस्तावेज लीक करने का दोषी ठहराया।
श्रीलंकाई नौसैनिकों ने कच्चातीवू के पास मछली पकड़ने गए भारतीय मछुआरों को भगाने के लिए उन पर पत्थर और बोतलें फेंकी, जिससे 10 से अधिक नावों को नुकसान हुआ। रामेश्वर मछुआरा संघ के अध्यक्ष देवदास ने बताया कि 4,000 मछुआरे चार दिसंबर को 500 से अधिक नावों में मछली पकड़ने के लिए निकले थे और वे कच्चातीवू द्वीप पर मछली पकड़ रहे थे तो श्रीलंकाई नौसेना के चार जहाज वहां पहुंचे और उन पर पत्थर और बोतलें फेंकी, जिससे 10 नौकाओं को नुकसान पहुंचा और मछुआरों को भी चोट आईं।
कोविड संक्रमण के जोखिम को रोकने के उद्देश्य से नेपाल प्रशासन भारत नेपाल सीमा पर आठ अलग-अलग स्थानों पर ‘होल्डिंग सेंटर’ का निर्माण कर रहा है। नेपाल के थल सेनाध्यक्ष प्रभुराम शर्मा ने रविवार को बताया कि निर्माणाधीन सात ‘होल्डिंग सेंटर’ का निर्माण कार्य 60 प्रतिशत से अधिक पहुंच गया है।