अमेरिका के सैन डिएगो में एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान गिरने के बाद घटनास्थल पर करीब 15 घरों और कई वाहनों में आग लग गई। एपी की रिपोर्ट्स के मुताबिक इस हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन(एफएए) ने बताया कि 'सेसना 550 प्लेन' मॉन्टगोमरी-गिब्स एक्जीक्यूटिव एयरपोर्ट के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
एफएए ने बताया कि सेसना 550 में छह से आठ लोग सवार हो सकते हैं, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे के समय विमान में कितने लोग सवार थे। एफएए ने कहा कि इस दुर्घटना की जांच नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड द्वारा की जाएगी।
असिस्टेंट फायर डिपार्टमेंट चीफ डैन एडी ने बताया कि हादासे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मर्फी कैन्यन सैन डिएगो के पड़ोस में है जहां हादासा हुआ। घनी आबादी होने के कारण कई लोगों को घर छोड़कर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने कहा, राहत व बचाव का कार्य जारी है। यह हादसा स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 3:47 बजे टिएरासांता के पास हुआ, जो एक सैन्य आवासीय क्षेत्र है।
दुर्घटना स्थल के पास रहने वाले एक निवासी क्रिस्टोफर मूर ने मीडिया को बताया कि एक जोरदार धमाके और खिड़की से धुआं देखकर उनकी नींद टूटी। वे अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों को लेकर घर से भागकर बाहर पहुंचे। उन्होंने एक गाड़ी को आग में जलते देखा। यहां रहने वाले कई परिवार पास की ही एक पार्किंग में शरण लिए हुए हैं और घर लौटने का इंतजार कर रहे थे।