अमेरिका में पांच नवंबर को राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होने हैं। ऐसे में, रिपब्लिकन की ओर से डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से कमला हैरिस मैदान में हैं। दोनों के बीच कांटे की टक्कर है। इस बीच, यूएसआईएसपीएप अध्यक्ष और सीईओ मुकेश अघी ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में चाहे कोई भी जीते, भारत-अमेरिका संबंध आगे बढ़ते रहेंगे।
अमेरिकी भू-राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के लिए भारत महत्वपूर्ण
अघी ने गुरुवार को कहा कि दोनों देशों के बीच भूराजनीतिक रिश्ते बहुत मजबूत है। उन्होंने आगे कहा, 'इसके क्या आशय हैं चाहे कोई भी सत्ता में आए? मुझे लगता है कि भारत अमेरिकी भू-राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के लिए महत्वपूर्ण है। वह आक्रामक चीन को रोकने की कोशिश कर रहा है। इससे भारत का भी हित जुड़ा हुआ है। उसे एक ऐसे पड़ोसी से निपटने के लिए भागीदार मिल गया है जो भारत को कभी भी बराबर के भागीदार के रूप में स्वीकार नहीं करेगा।'
अमेरिका-भारत रणनीतिक एवं साझेदारी मंच (यूएसआईएसपीएफ) के प्रमुख ने कहा कि दोनों देशों के बीच भौगोलिक राजनीतिक जुड़ाव बहुत-बहुत मजबूत है। इसलिए, चाहे कोई भी जीते ट्रंप या कमला हैरिस, साझेदारी उस दिशा में आगे बढ़ती रहेगी।
अमेरिका और चीन के तनाव...
अघी ने कहा कि अमेरिका और चीन के तनाव के बीच अमेरिकी कॉरपोरेट सेक्टर उस आपूर्ति श्रृंखला को जोखिम से मुक्त करने पर विचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि हां, वियतनाम, कंबोडिया और थाईलैंड जैसे देश आपूर्ति कर रहे हैं, लेकिन कोई भी देश भारत जितना नहीं दे सकता। इसलिए आपूर्ति श्रृंखला के जोखिम को कम करने में भारत महत्वपूर्ण हो जाता है। लेकिन इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि भारत इनमें से कई कंपनियों के लिए एक बाजार भी बन जाता है।
उन्होंने कहा, 'इसके बाद हमारे यहां भारतीय-अमेरिकी प्रवासी हैं, जो आबादी का करीब एक फीसदी है और जीडीपी का करीब छह फीसदी है। वे दोनों देशों के बीच बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसलिए चाहे जो भी आए, संबंध गहरे, व्यापक और अधिक मजबूत होते रहेंगे।'
उन्होंने आगे कहा कि विदेश नीति और भारत-अमेरिका संबंधों का ट्रंप और हैरिस के नेतृत्व पर निश्चित रूप से प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा, 'आपको शैली समझनी होगी। ट्रंप की शैली बहुत ही लेन-देन की है, जबकि बाइडन और कमला हैरिस बहुत संरचनात्मक रहे हैं।' यूएसआईएसपीएफ प्रमुख ने भारत-अमेरिका संबंधों को आगे बढ़ाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका की भी सराहना की।