पड़ोसी देश बांग्लादेश में सोशल मीडिया पर फैली अफवाह मॉब लिंचिंग का कारण बन गई। दरअसल, सोशल मीडिया पर पुल निर्माण के लिए बच्चे का अपहरण कर बलि देने की अफवाह फैल गई थी। इसकी वजह से हुई मॉब लिचिंग में आठ लोगों की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि यह अफवाह मुख्यत: सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर फैलाई गई थी। इसमें लिखा था कि तीन अरब डॉलर की विशाल परियोजना के लिए मानव सिरों की आवश्यकता है।
पुलिस प्रमुख जावेद पटवारी ने बताया कि आठों हत्याओं के हर एक मामले की जांच की जा रही है। भीड़ ने जिन लोगों की हत्या की उनमें से कोई भी किसी बच्चे का अपहरण करने वाला नहीं था। उन्होंने कहा कि पूरे देश में सभी पुलिस थानों को अफवाह से निपटने का आदेश दे दिया गया है।
एहतियातन बंद किए गए कई यूट्यूब चैनल और फेसबुक पेज
पटवारी ने बताया कि सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पैनी नजर रखी जा रही है। अभी तक संदिग्ध 25 यूट्यूब चैनल, 60 फेसबुक पेज और 10 वेबसाइटों को बंद किया जा चुका है। अभी तक इस मामले में कम से कम पांच लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पुलिस ने कहा कि मृतकों में एक दो बच्चों की मां तस्लीमा बेगम हैं जिन्हें बच्चे की अपहरणकर्ता समझकर भीड़ ने शनिवार को ढाका स्कूल के सामने पीट-पीट कर मार डाला। अपनी बेटी से मिलने जा रहे एक बधिर व्यक्ति की भी भीड़ ने हत्या कर दी।
अफवाह फैलाने के मामले में कम से कम पांच लोग गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि तस्लीमा की हत्या को लेकर आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने के मामले में कम से कम पांच लोग गिरफ्तार किए गए हैं। जिस पुल को लेकर अफवाह फैलाई गई उसका निर्माण गंगा नदी की एक प्रमुख सहायक नदी पद्मा पर किया जा रहा है।