अमेरिका की तरफ से बढ़ते दबाव के बाद अपनी सीमा में अवैध रूप से घुसने वाले लोगों पर लगाम लगाने के प्रयास के तहत मैक्सिको के आव्रजन अधिकारियों ने पहली बार देश के विभिन्न क्षेत्रों से 311 भारतीयों को स्वदेश भेजा है। इनमें एक महिला भी शामिल है।
मैक्सिको के नेशनल माइग्रेशन इंस्टीट्यूट (आईएनएम) की ओर से बुधवार को जारी किए गए प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जो भारतीय नागरिक देश में नियमित रूप से ठहरने की शर्त को पूरा नहीं कर रहे थे उन्हें टोलुबा सिटी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बोइंग 747 से भारत वापस भेज दिया गया।
आईएनएम अनुसार इन लोगों को ओक्साका, बाजा कैलिफोर्निया, वेराक्रूज, चियापास, सोनोरा, मैक्सिको सिटी, डुरांगो और तबास्को राज्यों में आव्रजन अधिकारी के सामने पेश किया गया।
मैक्सिको का यह कदम ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जून में यह चेतावनी दी थी कि अगर मैक्सिको ने अपने देश की सीमा से अमेरिका में घुसने वाले लोगों पर लगाम नहीं लगाई तो वह देश से होने वाले सभी आयातों पर सीमा शुल्क लगा देगा।
जिसके बाद मैक्सिको अपनी सीमा पर सुरक्षा बढ़ाने और प्रवासियों को वापस भेजने की अपनी नीति को विस्तार देने पर सहमत हुआ है।
बयान के अनुसार कि एशियाई देश के दूतावास के साथ संवाद और समन्वय की वजह से यह संभव हो पाया और उनकी पहचान कर प्रवासी कानून एवं उसके नियमों का सख्त पालन करते हुए उन नागरिकों को उनके देश वापस भेजा जा सका।