मालदीव से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां मालदीव की प्रमुख विपक्षी पार्टी डेमोक्रेट्स के अध्यक्ष हसन लतीफ ने शनिवार को इस्तीफा दे दिया। साथ ही पार्टी के कुछ वरिष्ठ सदस्य, जैसे हुसैन अमरू, अली अजीम और मोहम्मद शिफाज, मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) में लौट आए हैं।
यह समय की जरूरत- लतीफ
इस्तीफे के बाद लतीफ ने कहा कि मैंने इस्तीफा दे दिया है क्योंकि मुझे लगता है कि यह समय की जरूरत है। हालांकि मामले में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लतीफ ने पार्टी के नेतृत्व से इस्तीफा दिया है, लेकिन यह साफ नहीं है कि वह पूरी तरह से पार्टी से बाहर हो गए हैं या नहीं।
बता दें कि डेमोक्रेट्स पार्टी का गठन 2023 के राष्ट्रपति चुनाव से पहले हुआ था, जब कुछ सदस्य एमडीएफ से अलग हो गए थे। एमडीएफ के एक गुट ने राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह का समर्थन किया, जबकि दूसरे गुट ने पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद का समर्थन किया और डेमोक्रेट्स पार्टी बनाई।
गौरतलब है कि 2024 में नशीद को जलवायु संवेदनशील मंच (सीवीएफ) का महासचिव बनाया गया। इसी बीच डेमोक्रेट्स पार्टी की गतिविधियां कम हो गई हैं और उसे हाल ही में हुए संसदीय चुनाव में कोई भी सीट नहीं मिली।