भारत के विमानन नियामक डीजीसीए ने हाल ही में पाकिस्तान की यात्रा के दौरान मलेशियाई प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद की उड़ान के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र का उपयोग करने की अनुमति दी थी। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार यह जानकारी दी।
सूत्रों ने अनुमति देने से इनकार की खबरों को गलत और प्रेरित बताया। पाकिस्तान में इस तरह की मीडिया रिपोर्टें थी कि भारत ने उस विमान को उड़ान भरने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था जो मलेशियाई प्रधानमंत्री को लेकर इस्लामाबाद जा रहा था।
मलेशियाई प्रधानमंत्री 23 मार्च को पाकिस्तान के राष्ट्रीय दिवस समारोह में शिरकत करने इस्लामाबाद जा रहे थे।सूत्रों ने बताया कि सच्चाई यह है कि पाकिस्तान ने भारत के ऊपर से उड़ान भरने वाले विमानों के लिए अपने स्वयं के हवाई क्षेत्र को अवरुद्ध कर दिया है।
इसलिए डीजीसीए से ओवरफ्लाइट की इजाजत मिलने के बावजूद मलेशियाई प्रधानमंत्री को पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र के प्रतिबंधों के चलते लंबा रास्ता अपनाना पड़ा। सूत्रों ने बताया कि भारत द्वारा मोहम्मद की उड़ान को अनुमति नहीं दिये जाने संबंधी खबरें गलत है।