साउंड बैरियर पार करता विमान (प्रतीकात्मक)
- फोटो : पिक्साबे
फ्रांस की राजधानी पेरिस और आस-पास के इलाकों में धमाके की तेज आवाज सुनी गई है। जानकारी के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज आवाज के साथ उन्हें इमारतें हिलती हुई महसूस हुईं। यह आवाज पूरे पेरिस के साथ आस-पास के उपनगरों में भी सुनाई थी। जानकारी के अनुसार यह आवाज एक लड़ाकू विमान की वजह से उत्पन्न हुई थी।
पेरिस के पुलिस विभाग ने बताया है कि यह आवाज एक लड़ाकू विमान द्वारा साउंड बैरियर पार करने की वजह से उत्पन्न हुई थी। पुलिस विभाग के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया, 'पेरिस और उसके आस-पास के इलाकों में बहुत तेज शोर सुना गया। यह कोई धमाका नहीं था, यह एक लड़ाकू विमान था जिसने साउंड बैरियर पार किया था।'
क्या है साउंड बैरियर
साउंड बैरियर या सोनिक बैरियर का मतलब ध्वनि की गति से है। साउंड बैरियर को तोड़ने का मतलब है कि ध्वनि की गति पर पहुंचना या उससे तेज हो जाना। अगर कोई विमान या वस्तु साउंड बैरियर को पार करती है तो इसका मतलब है कि वह ध्वनि की गति से या उससे तेज चल रही है।
सामान्य परिस्थितियों में ध्वनि की गति करीब 1234 किलोमीटर प्रति घंटा होती है। हर विमान गति करते हुए तेज आवाज पैदा करता है, जिसकी तरंगें विमान के आगे चलती रहती हैं। जब किसी विमान की रफ्तार, ध्वनि की रफ्तार के पास पहुंचती है तो विमान स्वयं द्वारा पैदा की गई ध्वनि तरंगों को पार करने लगता है।
इन तरंगों के कारण होने वाले वायु दाब में परिवर्तन के कारण वायुयान अस्थिर हो जाता है। इसे ही तकनीकी भाषा मे साउंड बैरियर कहते हैं। जब विमान ध्वनि की रफ्तार को पार कर लेता है तो उस समय ध्वनि तरंगों को पार करने के कारण एक तेज धमाके की आवाज सुनाई देती है जिसे सोनिक बूम कहते हैं।