भारत इस साल अपनी आजादी का 77वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10वीं बार लाल किले से संबोधित किया। वहीं, फ्रांस. रूस, नेपाल सहित कई देशों के नेताओं द्वारा दी जा रहीं बधाईयों का भी तांता लगा हुआ है। प्रवासी भारतीय सदस्य स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर एकत्र हुए। इस दौरान देशभक्ति गीत से पूरा इलाका गूंजता रहा।
फ्रांस ने दी शुभकामनाएं
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोशल मीडिया पर अपनी और पीएम मोदी की तस्वीर को साझा की। उन्होंने भारतीय लोगों को स्वतंत्रता दिवस पर बधाई दी। कहा कि एक महीने पहले पेरिस में मेरे मित्र नरेंद्र मोदी और मैंने साल 2047 यानी भारत की स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष तक नई भारत-फ्रांसीसी महत्वाकांक्षाएं निर्धारित की हैं। भारत हमेशा एक विश्वसनीय मित्र और भागीदार के रूप में फ्रांस पर भरोसा कर सकता है।
रूस ने की तारीफ
वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आपके देश ने आर्थिक, वैज्ञानिक और तकनीकी, सामाजिक और अन्य क्षेत्रों में सार्वभौमिक रूप से सफलता हासिल की है। भारत को विश्व पटल पर अच्छा सम्मान प्राप्त है और वह अंतरराष्ट्रीय मामलों में महत्वपूर्ण रचनात्मक भूमिका निभाता है
इस्राइल ने दी स्वतंत्रता दिवस कि हार्दिक शुभकामनाएं
वहीं, इस्राइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और भारत के सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस कि हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे ही हमारी मित्रता और सहयोग निरंतर मजबूत और समृद्ध होता रहे।
भारत के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ट्वीट कर बधाई दी। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के लोगों को इस्राइल की ओर से मैं आपके स्वतंत्रता दिवस पर हार्दिक बधाई देता हूं।
ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग ने उठाया तिरंगे-थीम वाले व्यंजनों का आनंद
भारत में ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग ने सभी भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दीं। उन्होंने कहा कि पीएम एंथनी अल्बनीज ने भी अपनी शुभकामनाएं दी हैं। इससे पहले उच्चायोग के सहकर्मी भारत के रंग में रंगे हुए दिखाई दिए। उन्होंने तिरंगे-थीम वाले ऑस्ट्रेलियाई व्यंजनों के साथ सुबह की चाय का आनंद लिया।
ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच मजबूत संबंध
ऑस्ट्रलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज ने भारत के स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कहा कि मैंने मार्च में भारत की यात्रा की थी, उस दौरान महसूस किया कि ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच मजबूत संबंध हैं। इसे दोनों देशों के लोगों के बीच भी देखा और महसूस किया जा सकता है। उन्होंने आगे कहा कि मेरा लक्ष्य है कि दोनों देशों के बीच आने वाले समय में संबंध और गहरे हों।
भारत के पास जश्न मनाने का मकसद: सिंगापुर
भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग ने 77वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कहा कि भारत के सबसे बड़े लोकतंत्र के पास जश्न मनाने के लिए बहुत कुछ है। तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था में भारत के भागीदार होने पर गर्व है। वह अधिक से अधिक ऊंचाइयों को छूने की कोशिश कर रहा है।
मित्रता को मजबूत करने के लिए तत्पर: तुर्किस्तान
तुर्किस्तान सरकार ने भारत के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उसने कहा कि हम दोनों देशों के लिए बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए काम करते हैं। इसलिए हम अपने बीच मित्रता और सहयोग के संबंधों को मजबूत करने के लिए तत्पर हैं।