जो बाइडन और कमला हैरिस (फाइल फोटो)
- फोटो : twitter.com/JoeBiden
हाल ही में अटलांटा के तीन मसाज पार्लरों पर हुई गोलीबारी में छह एशियाई-अमेरिकी महिलाओं समेत आठ लोगों की हत्या के बाद राष्ट्रपति जो बाइडन उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ यहां पहुंचे। उन्होंने एशियाई-अमेरिकियों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और नस्लवाद की निंदा की। दोनों नेताओं ने एशियाई-अमेरिकी नेताओं से करीब 80 मिनट तक मुलाकात भी की।
मुलाकात के बाद बाइडन ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि एशियाई-अमेरिकियों और प्रशांत द्वीपों के मूल निवासियों के खिलाफ हिंसा और उत्पीड़न की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। उन्होंने कहा, अमेरिका में घृणा के लिए कोई जगह नहीं है।
बाइडन ने लोगों से कट्टरता के विरोध में आवाज उठाने की अपील करते हुए कहा, हमारी चुप्पी अपराध में हमारी सहभागिता दर्शाती है और हम अपराध में सहभागी नहीं हो सकते। इस दौरान दक्षिण एशियाई मूल की पहली उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने कहा कि हमलावर का मकसद जांच के दायरे में है, लेकिन यह साफ है कि अमेरिका में नस्लवाद, अन्य देशों के लोगों से घृणा और लैंगिक भेदभाव हमेशा से रहा है। हैरिस ने कहा, मैं और राष्ट्रपति चुप नहीं रहेंगे। हिंसा, घृणा अपराध और भेदभाव जहां भी होगा, हम उसके खिलाफ हमेशा आवाज उठाएंगे।