मालदीव में पार्क का उद्घाटन करते विदेश मंत्री जयशंकर और उनके समकक्ष
- फोटो : एएनआई
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शनिवार को माले में मालदीव के अपने समकक्ष अब्दुल्ला शाहिद से मुलाकात की। जयशंकर ने कोविड-19 के दौरान दोनों देशों के बीच निकट सहयोग को लेकर मालदीव की सराहना की। इस मौके पर जयशंकर ने मालदीव के लिए एक लाख कोरोना वैक्सीन की अतिरिक्त खुराक भी सौंपी।
विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि दोनों देश कोरोना महामारी के बाद आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए भी सहयोग जारी रखेंगे। भारतीय विदेश मंत्री ने मालदीव के विदेश मंत्री शाहिद व स्वास्थ्य मंत्री अहमद नसीम को कोविड-19 के एक लाख टीकों की अतिरिक्त खुराक भी सौंपी। जयशंकर और उनके समकश्र अब्दुल्ला शाहिद ने संयुक्त रूप से हुलहुमाले सेट्रल पार्क और वेस्टसाइड जेटी का उद्घाटन भी किया।
भारत के द्वारा मदद मिलने पर मालदीव के विदेश मंत्री ने शुक्रिया आदा करते हुए कहा कि दोनों देशों के समकक्षों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में हमलोग कोरोना से निपटने के लिए भविष्य में उठाए जाने वाले कदम को लेकर चर्चा की। बता दें, कोरोना वैक्सीन के मामले में अपने पड़ोसी देशों की लगातार मदद कर रहा है। पाकिस्तान को छोड़कर सभी पड़ोसी देशों को टीकों की खुराक मुहैया कराई जा रही है।
Fahi Dhiriulhun Corporation और EXIM Bank के बीच समझौता
दो हजार सोशल हाउसिंग यूनिट के लिए मालदीव की कंपनी Fahi Dhiriulhun Corporation और EXIM Bank के बीच लेटर ऑफ़ इंटेंट पर हस्ताक्षर किए गए। इस हस्ताक्षर के बाद मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने कहा कि हमारे देश में भारतीय निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी को देखकर खुशी हुई।
खेलों के बुनियादी ढांचे के लिए चार करोड़ डॉलर की ऋण सहायता की पेशकश
जयशंकर ने मालदीव में खेलों के बुनियादी ढांचे के विकास के लिये शनिवार को चार करोड़ डॉलर की ऋण सहायता की पेशकश की और इस द्वीपीय देश की क्रिकेट टीम को बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भाग लेते हुए देखने की उम्मीद जताई। एकुवेनी स्टेडियम में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने खेलों को प्राथमिकता में रखा है और भारत उनके इस प्रयासों में उनके साथ है ।
उन्होंने कहा ,‘मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि मालदीव के लोगों के हितों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिये देश में खेलों के बुनियादी ढांचे में विकास के लिये भारत ने चार करोड़ डॉलर की ऋण सहायता की पेशकश की है। मैं मालदीव की टीम को बड़े अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट में देखने की उम्मीद करता हूं।’ उन्होंने कहा कि मालदीव में खेलों में अपार प्रतिभा है । उन्होंने कहा ,‘‘भारत एक विश्वस्त और भरोसेमंद साझेदार है।’