ई-कॉमर्स कंपनियों ने 4 दिन में बेचे 24,500 करोड़ के उत्पाद
त्योहारी सीजन के पहले 4 दिनों में ई-कॉमर्स कंपनियों ने 24,500 करोड़ रुपये की बिक्री की है। हालांकि, यह 41,000 करोड़ रुपये के अनुमान की तुलना में कम है। पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में यह 1.3 गुना ज्यादा है। एक रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान हर मिनट में 1,100 मोबाइल बिके हैं, जिनकी कीमत 11,000 करोड़ रुपये है। इसके अलावा, सामान्य दिनों की तुलना में फैशन सेगमेंट में 4.5 गुना की बढ़त दिखी है जिसका कुल कारोबार 5,500 करोड़ रहा है। त्योहारी मौसम में अनुमानित ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू का 60 फीसदी 22 से 25 सितंबर के दौरान बिका है। अनुमान है कि त्योहारी मौसम में 90 लाख से एक करोड़ मोबाइल बिक सकते हैं। पहले चार दिनों में 60-70 लाख मोबाइल बिके हैं।
बीपीसीएल में बढ़ा एलआईसी का हिस्सा
एलआईसी ने बीपीसीएल का दो फीसदी से ज्यादा शेयर खरीदा है। यह सौदा 1,598 करोड़ रुपये में हुआ है। इसे पिछले साल दिसंबर में खरीदा गया था। शेयर बाजार को दी सूचना में एलआईसी ने कहा कि 28 दिसंबर, 2021 से 26 सितंबर, 2022 के दौरान हिस्सेदारी 2% से ज्यादा बढ़ी है।
बीईएल को एआईडीएम चैंपियंस पुरस्कार
रक्षा क्षेत्र की नवरत्न कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लि. (बीईएल) को सोसायटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स (एसआईडीएम) चैंपियंस पुरस्कार-2022 मिला है। उसे बड़ी कंपनियों के लिए टेक्नोलॉजी और प्रोडक्ट इनोवेशन श्रेणी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के हाथों यह पुरस्कार मिला है।
पेंशन घोटाला : तीन माह में फैसला करें मुख्य सचिव : हाईकोर्ट
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने पेंशन घोटाले में राज्य के मुख्य सचिव को तीन माह में अभियोजन को लेकर तर्कपूर्ण आदेश पारित करने का निर्देश दिया। साथ ही अदालत ने कांग्रेस नेता केके मिश्रा की याचिका का निपटारा करते हुए उन्हें निर्देश दिया कि वह इस मामले में तत्कालीन लोक सेवकों के खिलाफ अभियोजन स्वीकृति हासिल करने के लिए दो हफ्ते में राज्य सरकार के सामने नए सिरे से अर्जी दायर करें। जस्टिस सुबोध अभ्यंकर की पीठ ने 23 सितंबर को ये आदेश पारित किया, जिसकी प्रति सोमवार को उपलब्ध कराई गई। इंदौर की एक विशेष अदालत ने कथित पेंशन घोटाले में तत्कालीन महापौर कैलाश विजयवर्गीय और अन्य लोक सेवकों के खिलाफ 29 अगस्त को मामला बंद कर दिया था। क्योंकि समय बीतने के बावजूद राज्य सरकार ने इन लोगों पर मुकदमा चलाने की मंजूरी नहीं दी थी।
टेलीकॉम कंपनियों ने नेटफ्लिक्स अमेजन से मांगा इंटरनेट खर्चा
यूरोप के सबसे बड़े टेलीकॉम ऑपरेटरों ने ग्लोबल स्ट्रीमिंग के कारण बढ़ते खर्चे की वजह से नेटफ्लिक्स व अमेजन जैसी टेक कंपनियों से पैसे की मांग की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यूरोप की 16 कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों की ओर से यह मांग की गई है। दरअसल, यूरोपीय आयोग एक परामर्श शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसमें इस बात पर चर्चा की जाएगी कि क्या गूगल, फेसबुक, नेटफ्लिक्स और माइक्रोसॉफ्ट जैसी टेक्नोलॉजी कंपनियों को उनके नेटवर्क पर भारी मात्रा में इस्तेमाल हो रहे इंटरनेट ट्रैफिक और इससे बढ़ती लागतों का भुगतान करने के लिए कहा जाना चाहिए। दूरसंचार प्रमुखों ने एक संयुक्त बयान में बताया गया है कि यूरोपीय दूरसंचार कंपनियां फुल-फाइबर ब्रॉडबैंड और 5जी नेटवर्क पर सालाना करीब 400 अरब रुपये खर्च करती हैं। साथ ही रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण ऊर्जा संकट और चीजों की बढ़ती लागत से वित्तीय बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि अकेले फाइबर ऑप्टिक केबल की कीमत इस साल दोगुनी हो गई है। ऐसे में नेटफ्लिक्स और अमेजन जैसी टेक कंपनियों को भी उनके खर्चे में योगदान देना चाहिए।
हैदराबाद : मां दुर्गा व मदर मैरी की मूर्तियां तोड़ीं, दो महिलाएं गिरफ्तार
हैदराबाद पुलिस ने खैराताबाद में लगे पांडाल में मां दुर्गा की मूर्ति और एक चर्च में मदर मैरी की मूर्ति से तोड़फोड़ मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को पुलिस ने बताया कि 2018 में जेद्दा से लौटीं दोनों महिलाएं व उनके माता-पिता एक साथ रहते हैं। वे सभी मानसिक रूप से बीमार हैं। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं सिजोफ्रेनिया नामक बीमारी से ग्रसित हैं।
राजस्थान में पाकिस्तान सीमा के निकट पकड़ा गया घुसपैठिया
सीमा सुरक्षा बल ने राजस्थान में श्रीगंगानगर सेक्टर में पाकिस्तानी सीमा के निकट संदिग्ध हालात में मोहम्मद वकास (20) नाम का घुसपैठिया पकड़ा है। वकास पाकिस्तान में 2015 में बनी इस्लामी कट्टरपंथी राजनीतिक पार्टी तहरीक-ए-लब्बैक का सदस्य है। पूछताछ के दौरान वकास ने कहा कि वह अपनी पार्टी की विचारधारा का प्रचार करने के लिए भारत में घुसा था।
राजस्थान सरकार ने जयपुर ग्रेटर की मेयर को पद से किया बर्खास्त
राजस्थान सरकार ने मंगलवार को भाजपा की सौम्या गुर्जर को जयपुर ग्रेटर नगर निगम की मेयर और पार्षद पद से बर्खास्त कर दिया। न्यायिक जांच में उन्हें पूर्व आयुक्त यज्ञ मित्र सिंह देव पर हमला करने का दोषी पाया गया। आदेश के अनुसार, स्थानीय स्वशासन विभाग ने भी गुर्जर को छह साल की अवधि के लिए फिर से चुनाव लड़ने से रोक दिया है। इसी मामले में 22 अगस्त को भाजपा के दो पार्षद पारस जैन, अजय सिंह व एक निर्दलीय पार्षद शंकर शर्मा की सदस्यता समाप्त की गई थी, वहीं गुर्जर के खिलाफ जांच चल रही थी।
विनिर्माण समेत नौ क्षेत्रों में 10 लाख बढ़े रोजगार
विनिर्माण, कारोबार और आईटी समेत 9 क्षेत्रों में कुल रोजगार की संख्या इस साल जनवरी-मार्च में 10 लाख बढ़कर 3.18 करोड़ पहुंच गई। श्रम मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी तिमाही सर्वे के मुताबिक, पिछले साल की समान अवधि में इन क्षेत्रों में 3.08 करोड़ लोग काम कर रहे थे। सर्वे के मुताबिक, विनिर्माण क्षेत्र में कुल श्रमबल का सबसे ज्यादा 38.5 फीसदी लोग काम कर रहे हैं। शिक्षा में यह हिस्सेदारी 21.7 फीसदी, आईटी/बीपीओ में 12 फीसदी और स्वास्थ्य क्षेत्र में 10.6 फीसदी है।
इन चार क्षेत्रों का कुल श्रमबल में 83 फीसदी हिस्सेदारी है। इसमें आगे कहा गया है कि श्रमिकों की संख्या के लिहाज से 80 फीसदी प्रतिष्ठानों में 10 से 99 श्रमिक काम कर रहे हैं। अगर 10 या अधिक श्रमिकों वाले प्रतिष्ठानों को देखा जाए तो आंकड़ा 88 फीसदी हो जाएगा। करीब 12 फीसदी प्रतिष्ठानों में 10 से कम श्रमिक हैं।
अर्थव्यवस्था में तेजी का संकेत है रोजगार में वृद्धि
श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि विनिर्माण, निर्माण, कारोबार, परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास-रेस्तरां, आईटी और वित्तीय सेवाओं में रोजगार में वृद्धि अर्थव्यवस्था में तेजी का संकेत है।