गाजा पट्टी पर बुधवार को इस्राइली हवाई हमलों में 38 फलस्तीनियों की मौत हो गई। सबसे बड़ा हमला एन्क्लेव के उत्तरी किनारे पर बेत लाहिया में एक घर पर हुआ, जिसमें महिलाओं व बच्चों सहित 22 लोग मारे गए। बहुमंजिला इमारत पर हमला होने से पहले उसमें 30 से अधिक लोग रह रहे थे। फिलहाल यहां परिवारों के कई सदस्य लापता हैं। इस्राइली सेना ने मध्य गाजा में नुसीरात शरणार्थी शिविर पर हमला कर 7 फलस्तीनी मारे और तीन अन्य हमलों में 9 की मौत हो गई।
इस्राइल ने कमल अदवान अस्पताल के पास भी हमला किया, जो गाजा के उत्तरी तट पर बेत लाहिया और जबालिया शहरों के बीच स्थित है। इस्राइली घेराबंदी वाले क्षेत्र का हिस्सा बेत हनौन में हुए इस्राइली हवाई हमले में भी कई लोग मारे गए हैं। इनकी सटीक संख्या अभी पता नहीं लगी है। यहां कई लोग मलबे में फंसे हुए हैं। इससे पहले मध्य गाजा के नुसीरात शिविर में एक घर पर इस्राइली
हवाई हमले में 7 फलस्तीनी मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। फलस्तीनी नागरिक आपातकालीन सेवा व चिकित्सकों ने कहा कि गाजा शहर में दो घरों और भीड़ पर तीन अलग-अलग इस्राइली हवाई हमलों में नौ अन्य लोग मारे गए, जिनमें पत्रकार इमान अल-शांति, उनके पति और उनके तीन बच्चे शामिल थे। अल-शांति इस्राइल द्वारा मारा गया 193वां पत्रकार है। मारे गए लोगों में आठ लोगों का एक परिवार शामिल है, जिसमें चार बच्चे, उनके माता-पिता और दादा-दादी शामिल थे।