Israel: इस्राइली सेना ने लगातार दूसरे दिन हूती विद्रोहियों को निशाना बनाया है। यमन की राजधानी सना के एकमात्र अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को हमले के बाद बंद कर दिया गया है। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
इस्राइली सेना ने मंगलवार को बताया कि उसने ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों पर हवाई हमला किया है। इस हमले के बाद यमन की राजधानी सना के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को पूरी तरह से बंद कर दिया है। इसके साथ ही बिजली संयंत्रों को भी निशाना बनाया गया है। सेना ने लगातार दूसरे दिन हूती विद्रोहियों के ठिकानों को निशाना बनाया है।
विज्ञापन
इससे पहले हूती विद्रोहियों ने इस्राइल के मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास मिसाइल से हमला किया था, जिसके जवाब में इस्राइल ने यह कार्रवाई की है। अभी तक किसी के हताहत होने की तत्काल कोई खबर नहीं है। हूती विद्रोहियों के चैनल 'अल-मसीरा' ने भी पुष्टि की कि सना हवाई अड्डे पर हमला हुआ है। इस्राइली टेलीविजन चैनलों पर सना शहर से काले धुएं के गुबार उठते हुए दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर आए वीडियो में धमाकों की आवाजें और धुएं के बादल नजर आए।
हमले से पहले इस्राइली सेना ने सोशल मीडिया पर लोगों को एयरपोर्ट क्षेत्र खाली करने की चेतावनी दी थी। सेना के प्रवक्ता ने कहा, हवाई अड्डे को छोड़ दें, वहां रुकना जानलेवा हो सकता है। सोमवार रात को भी इस्राइल ने यमन के होडेइदा प्रांत पर हमला किया था, जिसमें कम से कम 1 व्यक्ति की मौत और 35 घायल हुए थे। हूती समूह का दावा है कि छह हमले होडेइदा के बंदरगाह और एक सीमेंट फैक्ट्री पर हुए।
हूती विद्रोहियों ने रविवार को इस्राइल के तेल अवीव के पास स्थित मुख्य हवाई अड्डे (बेन गुरियन) के पास मिसाइल हमला किया था, जिससे चार लोग घायल हुए थे और कुछ समय के लिए उड़ानें रोक दी गईं थीं। यह पहली बार था जब किसी मिसाइल ने बेन गुरियन हवाई अड्डे के पास जमीन पर हमला किया। हूती विद्रोही गाजा में फलस्तीनियों के समर्थन में इस्राइल पर हमले कर रहे हैं। पिछले एक साल में इस्राल ने हूती विद्रोहियों पर कई बार हमला किया है।