गाजा में फैल रही भुखमरी
- फोटो : AP/PTI
गाजा पर इस्राइल हमले में मासूम बच्ची और उसके माता-पिता की मौत
जारी तनाव के बीच गाजा में शनिवार को हुए एक इस्राइली हवाई हमले में एक दो महीने की बच्ची और उसके माता-पिता की मौत हो गई। यह हमला गाजा के भीड़भाड़ वाले मुवासी इलाके में उनके टेंट पर हुआ। अस्पताल अधिकारियों और चश्मदीदों के मुताबिक, मरे हुए लोगों की पहचान मोतासेम अल-बत्ता, उनकी पत्नी और उनकी नवजात बेटी के रूप में हुई है। इलाके के निवासी फातही शुबैर ने गुस्से और दुख में कहा कि ढाई महीने की बच्ची ने क्या किया था? ये लोग तो सुरक्षित घोषित इलाके में थे, फिर भी मारे गए।
इस हमले को लेकर इस्राइली सेना ने दी प्रतिक्रिया
इस पर इस्राइली सेना ने कहा कि बिना और जानकारी के वह इस हमले पर टिप्पणी नहीं कर सकती। उनका कहना है कि वे हमास के सैन्य ढांचे को खत्म करने के लिए अभियान चला रहे हैं और नागरिकों को नुकसान से बचाने की कोशिश कर रहे हैं। बता दें कि मुवासी उन इलाकों में से है जहां प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सैन्य कार्रवाई और तेज करने की बात कही है। माना जा रहा है कि इस्राइल, हमास पर दबाव बनाने के लिए इन हमलों का इस्तेमाल कर रहा है ताकि बंधकों की रिहाई हो सके।
ये भी पढ़ें:- Ukraine: 'कीव डोनेत्सक सौंप दे तो', ट्रंप ने जेलेंस्की को बताई पुतिन की मांग, यूक्रेनी राष्ट्रपति ने की खारिज
भुखमरी से एक और मासूम की मौत, 24 घंटे में 11 नई मौतें
गाजा की स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बीते 24 घंटों में भुखमरी से 11 और लोगों की मौत हो गई है, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। युद्ध शुरू होने के बाद अब तक भुखमरी से मरने वालों की संख्या 251 हो चुकी है। वहीं संयुक्त राष्ट्र ने चेतावनी दी है कि गाजा में भुखमरी और कुपोषण अपने चरम पर पहुंच गया है। लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं और बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। इस बीच कुछ इस्राइली नेता गाजा से लोगों के बड़े पैमाने पर पलायन की बात भी कर रहे हैं।
संघर्ष में अबतक क्या-क्या हुआ?
गौरतलब है कि सात अक्तूबर 2023 को हमास के इस्राइल पर हमले के साथ एक बड़ा और घातक संघर्ष शुरू हुआ। इस हमले में करीब 1,200 इस्राइली मारे गए थे। जवाब में इस्राइल ने बड़ी और भयावह कार्रवाई की। इसके तहत अब तक गाजा में 61,897 लोगों की मौत हो चुकी है। गाजा का स्वास्थ्य मंत्रालय बताता है कि इनमें लगभग आधे महिलाएं और बच्चे हैं। हालांकि, इस्राइली सरकार इन आंकड़ों को चुनौती देती है, लेकिन उसने अब तक अपने आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए हैं।