इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि वह इस सप्ताह शिन बेट आंतरिक सुरक्षा सेवा के निदेशक रोनेन बार को बर्खास्त करने के लिए सरकार के सामने मतदान लाएंगे। नेतन्याहू ने रविवार को कहा कि बार के साथ उनका निरंतर अविश्वास रहा है।
इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को देश की आतंकरोधी एजेंसी शिन बेट के प्रमुख रोनेन बार को पद से हटाने का प्रस्ताव लाने की घोषणा की। नेतन्याहू ने बार के साथ बैठक के बाद जारी बयान में कहा, चल रहे अविश्वास के कारण मैंने शिन बेट प्रमुख के पद को समाप्त करने का प्रस्ताव लाने का निर्णय लिया है।
विज्ञापन
मामले में नेतन्याहू ने कहा, हम सात मोर्चों पर अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। ऐसे युद्धकाल में प्रधानमंत्री को शिन बेट प्रमुख पर पूरा भरोसा होना चाहिए, लेकिन दुर्भाग्य से मेरा उन पर लगातार बढ़ता अविश्वास ही इस कदम का कारण है। उन्होंने शिन बेट के कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह फैसला संगठन के पुनर्गठन, युद्ध लक्ष्यों की प्राप्ति और भविष्य की त्रासदियों को रोकने के लिए जरूरी है। शिन बेट देश की प्रमुख आंतरिक सुरक्षा एजेंसी है। यह आतंकवाद रोधी अभियानों को अंजाम देती है।
बता दें कि फलस्तीनी आतंकवादी समूहों की निगरानी के लिए जिम्मेदार है शिन बेट ने हाल ही में 7 अक्टूबर के हमले की विफलताओं के लिए जिम्मेदारी स्वीकार की। साथ ही, शिन बेट ने यह भी कहा कि सरकार की नीतियों में कुछ खामियां थीं, जिन्होंने हमले के लिए माहौल बनाने में मदद की।
युद्ध विराम समझौते पर प्रकाश
दूसरी ओर हमास दूसरे चरण के युद्धविराम समझौते के लिए इस्राइल पर दबाव बना रहा है औऱ इसी के तहत उसने शनिवार को कहा था कि अगर युद्धविराम समझौता लागू होगा, तभी वे एक अमेरिकी-इस्राइली बंधक को रिहा करेंगे। वहीं जहां एक तरफ हमास युद्धविराम समझौते पर दबाव बना रहा है, वहीं इस्राइल ने भी अपने तरीके से दबाव बनाना शुरू कर दिया है।
साथ ही हमास का आरोप है कि इस्राइल ने शनिवार को गाजा में हवाई हमला किया, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई। इस्राइल का कहना है कि वे संदिग्ध आतंकी थे, वहीं हमास का दावा है कि मरने वालों में स्थानीय पत्रकार और चिकित्सा कर्मी शामिल थे।
संबंधित वीडियो