इस्राइली हवाई हमले के बाद मलबे के ढेर के आसपास खड़ी फिलिस्तीनी बच्ची
- फोटो : सोशल मीडिया
इस्राइली लड़ाकू विमानों द्वारा गाजा में हमास के खिलाफ लगातार भीषण हवाई हमले हो रहे हैं। पिछले सोमवार को शुरू हुई ताजा हिंसा के बाद से गाजा पट्टी में 58 बच्चों व 34 महिलाओं समेत करीब 197 लोग मारे जा चुके हैं। इस्राइल में भी दो बच्चों समेत 10 की मौत की सूचना है। सोमवार तड़के करीब 10 मिनट तक हुए धमाकों से गाजा शहर का उत्तर से दक्षिण का इलाका थर्रा उठा। इस बीच 10 साल की एक फिलिस्तीनी बच्ची का हृदय विदारक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें वह अपना दर्द बयां करते हुए दिखाई दी। एक मिनट 19 सेकेंड के इस वीडियो में गाजा की रहने वाली नादिन अब्देल तैफ नाम की मासूम लड़की इस्राइली हवाई हमले के बाद मलबे के ढेर के आसपास खड़ी दिख रही है।
हमलों के लेकर बच्ची ने कहा, 'यह सही नहीं है'
वीडियो में भावुक नादिन ने सवाल किया कि उस पर और उसके आसपास के लोगों पर हमले क्यों किए जा रहे हैं? उसने कहा कि यह सही नहीं है। लड़की ने आगे कहा, ‘मैं हमेशा बीमार रहती हूं। मैं कुछ नहीं कर सकती। मैं केवल 10 साल की हूं।’ बच्ची को वायरल क्लिप में सवाल करते हुए सुना जा सकता कि मुझे क्या करना चाहिए? मैं इस स्थिति को कैसे ठीक करूं? इतना कहते हुए नादिन रो पड़ी। उसने रोते हुए कहा, ‘मैं केवल 10 साल की हूं, मैं इनसे (इजराइल से) नहीं निपट सकती। मैं अपने लोगों की मदद करना चाहती हूं, एक डॉक्टर बनना चाहती हूं, लेकिन मैं कुछ नहीं कर सकती क्योंकि अभी मैं एक बच्ची हूं। मुझे डर लगता है। मैं अपने लोगों के लिए कुछ भी करूंगी, लेकिन मुझे नहीं पता कि क्या करना है।’
लोगों ने दिखाई सहानुभूति
बता दें, सोशल मीडिया पर इस वीडियो को अपलोड किए जाने के बाद इसे 11 मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है। सोशल मीडिया पर लोगों ने कठिन परिस्थिति में फंसे गाजा पट्टी के लोगों की दुर्दशा पर निराशा व्यक्त की है। उन्होंने यहां के लोगों के प्रति सहानुभूति दिखाई। बताते चलें कि इस्राइल द्वारा फिलिस्तीनी क्षेत्र पर दर्जनों हवाई हमले किए जाने के बाद से गाजा में स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। वहीं, हमास आतंकवादी समूह ने इस्राइल के शहरों पर अपने हमले जारी रखे हैं जबकि संघर्ष विराम के लिए कई अंतरराष्ट्रीय आह्वान किए गए हैं।