बेंजामिन नेतन्याहू (फाइल फोटो)
- फोटो : Social Media
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बड़ा बयान दिया है। दरअसल नेतन्याहू ने कहा है कि हमास से लड़ाई खत्म होने के बाद गाजा पट्टी की पूर्ण सुरक्षा की जिम्मेदारी अनंतकाल तक इस्राइल संभालेगा। नेतन्याहू के इस बयान से साफ है कि साल 2005 से पहले की तरह एक बार फिर से इस्राइल गाजा पट्टी में अपने सैनिकों को तैनात करेगा। नेतन्याहू का यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के उस बयान के खिलाफ है, जिसमें बाइडन ने कहा था कि 'गाजा पट्टी पर इस्राइल का कब्जा एक बड़ी भूल होगा।'
गाजा पर 'कब्जा' करेगा इस्राइल
अमेरिका के एक न्यूज चैनल से बात करते हुए इस्राइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि मुझे लगता है कि इस्राइल अनंतकाल तक गाजा पट्टी में सुरक्षा जिम्मेदारी अपने पास रखेगा क्योंकि हमने देखा है कि जब हमारे पास सुरक्षा नहीं होती तो क्या होता है। नेतन्याहू ने कहा कि 'जब हम गाजा की सुरक्षा नहीं कर रहे होते तो हमास जैसे आतंकी हमले होते हैं, जिनकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते।' बता दें कि खबरें आ रही हैं कि इस्राइल की सेना ने गाजा पट्टी को उत्तर और दक्षिण भाग में बांट दिया है और दक्षिणी गाजा को इस्राइली सेना ने चारों तरफ से घेर लिया है।
युद्धविराम से किया इनकार
युद्धविराम के सवाल पर बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि जहां तक युद्धविराम का सवाल है तो राष्ट्रपति खुद कह चुके हैं कि युद्धविराम, हमास के सामने आत्मसमर्पण करने जैसा होगा। हालांकि उन्होंने गाजा में मानवीय मदद पहुंचाने के लिए कुछ घंटों के लिए लड़ाई रोकने की संभावना से इनकार नहीं किया। नेतन्याहू ने कहा कि जब तक हमास हमारे बंधकों को नहीं छोड़ता तब तक युद्धविराम नहीं होगा लेकिन मानवीय मदद और राहत सामग्री पहुंचाने के लिए विभिन्न जगहों पर अलग-अलग समय में कुछ घंटे की राहत दी जा सकती है।
इस्राइली पीएम ने कहा कि युद्धविराम करने से बंधकों को वापस लाने की कोशिशों को झटका लगेगा क्योंकि हमास के आतंकियों के खिलाफ ताकत से ही दबाव बनाया जा सकता है। बता दें कि बीती 7 अक्तूबर को हमास के आतंकियों ने इस्राइली सीमा में घुसकर 1400 लोगों की हत्या कर दी थी और 200 से ज्यादा लोगों को अगवा कर लिया था। इसके जवाब में इस्राइली सेना ने गाजा पट्टी पर बमबारी की, जिसमें अब तक नौ हजार से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। इस तरह इस्राइल हमास की लड़ाई में अब तक कुल 11 हजार के करीब लोग मारे जा चुके हैं।