इस्राइल और हमास के बीच जंग जारी।
- फोटो : Social Media
हमास के हमले के दौरान मारे गए एक ही परिवार के पांच लोग मृत अवस्था में एक-दूसरे से लिपटे मिले। इसमें एक जोड़ा ऐसा भी था, जिसकी सगाई होने वाली थी। राख के ढेर से अंगूठी भी मिली। इस्राइली सैनिकों के मुताबिक, सात अक्तूबर से अब तक हमास के हमले में मारे गए एक ही परिवार की कहानी सामने आई है, जिन्होंने एक-दूसरे की बाहों में दम तोड़ दिया।
गाजा सीमा के पास कफार अजा में अवीव (54), लिवनाट (49), रोटेम (19), योनातान (17) और यिफ्ताच (17) घर के बिस्तर पर मृत पाए गए थे। बच्चों की चाची आदि लेवी सलामा ने कहा, जिस दिन उनकी हत्या की गई थी, उस दिन हम उनसे मिलने वाले थे। अवीव एक कंसल्टिंग फर्म के डिप्टी डायरेक्टर और एक कृषि कार्यकर्ता थे। लिवनाट एक ग्राफिक डिजाइनर थे, जिनका जन्म योम किप्पुर युद्ध के दौरान हुआ था। रोटेम एक आईडीएफ सैनिक था जिसने नए रंगरूटों को प्रशिक्षित किया था।
हमास के पास सुरंगें, कई डॉक्टर मारे गए
इस्राइली सेना ने कहा है कि गाजा के उत्तर में हमास के आतंकियों के पास सुरंगों, रॉकेट लॉन्चरों का व्यापक नेटवर्क है। हमास का अधिकतर सैन्य बुनियादी ढांचा आवासीय क्षेत्रों में है। इसलिए मुश्किलें आ रही हैं। गाजा शहर में इस्राइली युद्धक विमानों के हवाई हमलों में 7 पैरामेडिक्स के मारे जाने की खबर है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा, अन्य 10 चिकित्सक और डॉक्टर काम के दौरान मारे गए हैं।
गाजा में यूएन कर्मी बोले, हमें इस नरक से निकालो
इस्राइल-हमास युद्ध में संयुक्त राष्ट्र एजेंसी के साथ काम करने वाले 13,000 कर्मचारी लगातार बचाव कार्य में जुटे हैं। ये कर्मी डरे व थके हुए हैं। एजेंसी की प्रवक्ता जूलियट टौमा ने कहा, हमास द्वारा संचालित गाजा पट्टी में स्थिति नरक जैसी है। उन्होंने कहा, हमारे सभी कर्मचारी चाहते हैं कि यह सब जल्द खत्म हो जाए। वे बोल रहे हैं, हमें इस नरक से बाहर निकालो। यह जगह अब नरक बन चुकी है।