इस्राइल ने गाजा पट्टी की बिजली, पानी की सप्लाई काट दी है। इससे गाजा पट्टी में रहने वाले लोगों के लिए हालात पहले ही चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। इस्राइली सेना के जमीनी हमले के बाद हालात बद से बदतर हो सकते हैं।
इस्राइल हमास युद्ध में अभी तक 2700 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें से 1200 लोगों की मौत इस्राइल में हुई है और 1500 से ज्यादा लोग गाजा पट्टी में मारे गए हैं। इस्राइल की सेना गाजा पट्टी पर हवाई हमलों के बाद अब जमीन पर लड़ाई की तैयारी कर रही है। इस्राइली सेना हमले के लिए तैयार है और उसके करीब साढ़े तीन लाख सैनिक सीमा पर पहुंच गए हैं। इस्राइली सेना अब सिर्फ अपनी सरकार के आदेश का इंतजार कर रही है। हालांकि इस्राइल की सेना के सामने कई बड़ी चुनौतियां हैं, जिन पर अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो इस्राइली सेना को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है। तो आइए जानते हैं कि गाजा पट्टी में जमीनी लड़ाई की स्थिति में इस्राइली सेना के सामने क्या चुनौतियां हैं।
विज्ञापन
1. गाजा पट्टी बहुत ज्यादा जनसंख्या घनत्व वाला इलाका है और यहां हर वर्ग किलोमीटर इलाके में करीब 5500 लोग रहते हैं। गाजा पट्टी में गलियां संकरी हैं और उनमें बख्तरबंद गाड़ियां या टैंक ले जाना आसान नहीं है। ऐसे में इतने भारी भीड़ वाले इलाके में जमीनी लड़ाई लड़ना इस्राइली सेना के लिए बहुत चुनौतीपूर्ण होगा।
2. गाजा पट्टी में इस्राइली सैनिकों पर घरों से हमले होने की आशंका है। खासकर हमास के स्नाइपर यहां खतरनाक साबित हो सकते हैं क्योंकि गाजा पट्टी के घरों में छोटे रोशनदान हैं और यहां किसी भी दिशा से हमला हो सकता है। ऐसी स्थिति में इस्राइली सैनिकों को संभलना भी मुश्किल हो सकता है।
विज्ञापन
3. सीरिया और यूक्रेन के युद्ध में दुनिया ने देखा है कि एक मजबूत और सैन्य साजो-सामान से तैयार सेना को भी एंटी टैंक गाइडेड मिसाइलों और आरपीजी (रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड्स) की मदद से कम सैनिक ही भारी नुकसान पहुंचा सकता हैं। साथ ही गाजा की पतली गलियां और रिहायशी इमारतों की भरमार तो इस्राइली सेना के लिए और भी खतरनाक साबित हो सकती है।
4. गाजा पट्टी में लड़ाकू हेलीकॉप्टर्स से हमला करना या सर्विलांस करना भी आसान नहीं है क्योंकि उस स्थिति में मैन पोर्टेबल एयर डिफेंस सिस्टम की मदद से हेलीकॉप्टर्स को भी आसानी से गिराया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो यह स्थिति इस्राइली सेना के लिए बहुत चिंताजनक हो सकती है।
5. जमीनी लड़ाई में बड़ी संख्या में इस्राइली सैनिकों और आम नागरिकों की जान जा सकती है। ऐसे गाजा पट्टी में इस्राइली सेना के लिए हमास के खिलाफ ऑपरेशन चलाना बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकता है।