फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Israel Hamas War LIVE: जर्मन चांसलर और नेतन्याहू की मुलाकात, फ्रांस के राष्ट्रपति और बाइडन भी इस्राइल आएंगे

Wed, 18 Oct 2023 12:56 AM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, येरुशलम

खास बातें

Israel Hamas War Live: हमास की ओर से इस्राइल पर किए गए हमलों के बाद दोनों ओर से संघर्ष जारी है। जहां गाजा पट्टी के अलग-अलग ठिकानों से अभी भी इस्राइल पर रॉकेट हमले जारी हैं तो वहीं इस्राइली वायुसेना ने पूरे क्षेत्र में बमबारी जारी रखी है। दोनों तरफ से इस जंग में अब तक 4000 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। इस बीच इस्राइल ने अब लेबनान की ओर से रुक-रुक कर हमले कर रहे हिज्बुल्ला संगठन पर भी हमले शुरू कर दिए हैं। इस्राइल की सेना ने कहा है कि वह हिज्बुल्ला आतंकियों के ठिकानों को निशाना बना रहा है। पढ़ें इस्राइल-हमास संघर्ष के ताजा अपडेट्स...
विज्ञापन
इस्राइल हमास के बीच संघर्ष से गाजा पट्टी में पैदा हुआ मानवीय संकट। - फोटो : Social Media
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:53 AM, 18-Oct-2023

ऑपरेशन अजय के तहत पांचवीं उड़ान दिल्ली पहुंची

ऑपरेशन अजय के तहत इस्राइल से 286 भारतीयों और 18 नेपाली नागरिकों को लेकर पांचवीं उड़ान मंगलवार रात दिल्ली पहुंची। केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन ने दिल्ली एयरपोर्ट पर इस्राइल से निकाले गए भारतीय नागरिकों का स्वागत किया।

10:53 PM, 17-Oct-2023

मध्य इस्राइल में गूंज रहे सायरन

मध्य इस्राइल में सायरन बज रहे हैं। इस्राइल रक्षा बलों ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।

10:42 PM, 17-Oct-2023

जर्मन चांसलर ने समर्थन किया, नेतन्याहू क्या बोले?

इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने जर्मन चांसलर से मुलाकात के बाद कहा, "यह महत्वपूर्ण है कि पूरी दुनिया इसे समझे। वहां मौजूद नागरिकों की ज़िम्मेदारी, अपहृत लोग और ऐसे लोग जिन्हें वहां बलपूर्वक रखा गया है, इनमें इस्राइल के नागरिकों के साथ, दर्जनों विदेशी नागरिक भी हैं। सभी नागरिकों के साथ-साथ फलस्तीनी नागरिकों की ज़िम्मेदारी भी सीधे तौर पर हमास युद्ध अपराधियों के कंधों पर है। वे दोहरा युद्ध अपराध कर रहे हैं। नागरिकों पर हमला करना, मानव ढाल के रूप में नागरिकों के पीछे छिपना गलत है। उन्होंने कहा, पूरी दुनिया को इसकी निंदा करनी चाहिए और इस्राइल का समर्थन करना चाहिए। यह न्यायोचित युद्ध है।
नेतन्याहू ने समर्थन के लिए जर्मन चांसलर का आभार प्रकट कर कहा, युद्ध ईरान और हिज़्बुल्लाह और हमास की बुराई की धुरी का एक हिस्सा है। हमास का खुला लक्ष्य इस्राइल को मिटाना है। हमास का खुला लक्ष्य जितना हो सके उतने यहूदियों को मारना है। फर्क सिर्फ इतना है कि अगर वे ऐसा कर सकते तो वे हममें से हर अंतिम व्यक्ति को मार देते। उनके पास क्षमता नहीं है लेकिन उन्होंने असाधारण रूप से 1300 नागरिकों की हत्या कर दी। अमेरिका ने इसकी तुलना कई बार 9/11 आतंकी हमले होने से की है।

विज्ञापन
10:29 PM, 17-Oct-2023

इस्राइल-हमास युद्ध पर जर्मनी का बयान

इस्राइल और हमास की लड़ाई के बीच जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज ने कहा, "मैं स्पष्ट रूप से चेतावनी देता हूं कि किसी को भी इस संघर्ष में बाहर से हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। यह एक गंभीर और अक्षम्य गलती होगी। हाल के दिनों में हमने विभिन्न चैनलों के माध्यम से सभी को यह संदेश दिया है। चरम स्थितियों में भी, हमारे कार्य कानून के शासन पर आधारित होते हैं। यही कारण है कि गाजा पट्टी में मानवीय आपातकाल हमें अछूता नहीं छोड़ता है। मैंने गाजा में लोगों को यथाशीघ्र मानवीय सहायता की अनुमति देने के तरीकों के बारे में प्रधानमंत्री नेतन्याहू से बात की है। 
 

चांसलर ओलाफ स्कोल्ज ने कहा, हम उन सभी इस्राइलियों के भयानक दुःख को महसूस करते हैं जिनके माता-पिता, भाई-बहन और बच्चे हमास के बर्बर हमले में मारे गए। हम उन सभी की असहनीय चिंता को साझा करते हैं जिनके परिवार के सदस्यों की क्रूरतापूर्वक हत्या की गई। कई लोगों का अपहरण किया गया। अपहृत लोगों में जर्मन नागरिक भी हैं और हमारा ध्यान उनके साथ-साथ अन्य सभी बंधकों पर भी है। हम उनकी रिहाई सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।" इससे पहले भारत में जर्मनी के राजदूत फिलिप एकरमैन ने हमास के साथ चल रहे इस्राइल के युद्ध पर कहा, जर्मनी इस्राइल का अटूट समर्थन करता है। एएनआई के साथ विशेष साक्षात्कार में एकरमैन ने भारत-जर्मनी हरित और सतत विकास साझेदारी के सकारात्मक प्रक्षेपवक्र पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दोनों देशों का सहयोग उज्जवल भविष्य को बढ़ावा देता है।
 

08:32 PM, 17-Oct-2023

फ्रांस के राष्ट्रपति का इस्राइल दौरा, यात्रा की तारीख तय होने का इंतजार

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन इस्राइल का दौरा करेंगे। इस्राइल और हमास के बीच जारी हिंसक संघर्ष के बीच फ्रांस के राष्ट्रपति ने तेल अवीव का दौरा करने की बात कही है। हालांकि, मैक्रॉन के दौरे की तारीख फिक्स नहीं हुई है, लेकिन बाइडन के दौरे की खबर के बाद मैक्रॉन के दौरे की खबर इस्राइल युद्ध के बीच बड़ी घटना मानी जा रही है।
 

विज्ञापन
07:58 PM, 17-Oct-2023

लेबनान के एंटी-टैंक मिसाइल से इस्राइली सेना के जवान समेत नागरिक घायल

इस्राइल रक्षा बल (आईडीएफ) ने बताया, "लेबनान से आज उत्तरी इस्राइल की ओर एक एंटी-टैंक मिसाइल दागी गई। हमले में 2 आईडीएफ जवान घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हमले में एक इस्राइली नागरिक के भी घायल होने की खबर है। 
 

07:31 PM, 17-Oct-2023

हमास के वरिष्ठ सशस्त्र कमांडर अयमान नोफाल की मौत

गाजा में इस्राइली सेना के हवाई हमले में हमास के वरिष्ठ सशस्त्र कमांडर अयमान नोफाल की मौत हो गई। समाचार एजेंसी- रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, हमास की सशस्त्र शाखा इज़ अल-दीन अल-कसम ब्रिगेड ने मंगलवार को कहा कि इस्राइली हवाई हमले में गाजा में हमास के वरिष्ठ सशस्त्र कमांडर अयमान नोफल की मौत हो गई। इज अल-दीन अल-कसम ब्रिगेड की उच्च सैन्य परिषद के सदस्य, नोफल सशस्त्र विंग में मध्य गाजा क्षेत्र के प्रभारी थे।

06:25 PM, 17-Oct-2023

इस्राइली सेना ने बताया- हमास के हमले का मास्टरमाइंड कौन?

इस्राइली सेना गाजा पट्टी में जमीनी आक्रमण शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस्राइली रक्षा बलों (आईडीएफ) ने मंगलवार को आतंकवादी समूह- हमास के संगठन में बड़े नेताओं की पहचान जारी की। हमास के आतंकी आकाओं को निशाना बनाकर हमास को नष्ट करने की कसम खाते हुए आईडीएफ ने कहा, ये लोग इस्राइली नागरिकों के खिलाफ हमलों के लिए जिम्मेदार हैं। आईडीएफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म- एक्स पर कहा हमास के नेताओं में समूह के नेता इस्माइल हनीयेह, येह्या सिनवार शामिल हैं। इस्राइली सेना के अनुसार 7 अक्तूबर के हमले का कथित मास्टरमाइंड एल देइफ है।

05:59 PM, 17-Oct-2023
यूएनजीए में एस जयशंकर - फोटो : ANI

इस्राइल-गाजा पट्टी से 286 लोगों का रेस्क्यू, नेपाल के भी 18 नागरिक: विदेश मंत्री जयशंकर

इस्राइल से भारत के नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाने के लिए भारत सरकार ऑपरेशन अजय चला रही है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि नागरिकों को स्वदेश लाने के अभियान के तहत 286 लोगों को भारत लाया जाएगा। विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने बताया कि जिन लोगों को इस्राइल से निकाला जा रहा है उनमें 18 नेपाली नागरिक भी शामिल हैं।
 

05:31 PM, 17-Oct-2023
जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला - फोटो : ANI

जॉर्डन के राजा का बयान- फलस्तीनी शरणार्थी को शरण नहीं देंगे

जॉर्डन के राजा किंग अब्दुल्ला ने कहा, जॉर्डन फलस्तीनी शरणार्थियों को अपनी जमीन पर शरण नहीं देगा। उन्होंने कहा, उनका देश फलस्तीनी शरणार्थियों को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है। बर्लिन में जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा, "जॉर्डन में कोई शरणार्थी नहीं होगा, मिस्र में कोई शरणार्थी नहीं होगा।" उन्होंने कहा, यह खतरे का निशान है क्योंकि सामान्य संदिग्ध जमीनी स्तर पर मुद्दों को खड़ा करने की कोशिश करने की ताक में हैं। उन्होंने कहा, गाजा में मानवीय संकट से गाजा के अंदर ही निपटा जाना चाहिए।

05:19 PM, 17-Oct-2023
Joe Biden - फोटो : Social Media

तेल अवीव के बाद जॉर्डन जाएंगे राष्ट्रपति बाइडन

इस्राइल और हमास के युद्ध के बीच तेल अवीव दौरे पर पहुंचने वाले राष्ट्रपति बाइडन गाजा पट्टी में मानवीय सहायता में तेजी लाने के बारे में भी बातचीत कर सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, बाइडन तेल अवीव के बाद जॉर्डन की राजधानी अम्मान के लिए उड़ान भरेंगे। अम्मान में बाइडन जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी और फलस्तीनी प्राधिकरण के अध्यक्ष महमूद अब्बास से मिलेंगे। 

इस्राइल के हमले के बीच गाजा को भेजी गई मदद अटकी
कई देशों से सैकड़ों टन की सहायता गाजा तक भेजी गई है। हालांकि, इस्राइल की तरफ से लगाए गए प्रतिबंधों के कारण सामानों की सुरक्षित डिलीवरी और राफा क्रॉसिंग के माध्यम से कुछ विदेशी पासपोर्ट धारकों की निकासी संभव नहीं हो सकी है। राहत और बचाव अधिकारियों के अनुसार, गाजा को भेजी गई मानवीय मदद, कई दिनों से मिस्र के सिनाई प्रायद्वीप में इंतजार कर रही है।
 

05:15 PM, 17-Oct-2023

अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन के इस्राइल दौरे पर टिकी नजरें

हमास के हमले के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन बुधवार को इस्राइल पहुंचने वाले हैं। विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि बाइडन की यात्रा "इस्राइल के साथ एकजुटता" और "उसकी सुरक्षा के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता" को लेकर बयान होगी। रिपोर्ट्स के अनुसार, बाइडन इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अन्य अधिकारियों के साथ बातचीत के लिए तेल अवीव में कई घंटे रूकेंगे। की उम्मीद है। बाइडन साफ कर चुके हैं कि "इस्राइल के पास हमास के क्रूर हमलों का जवाब देने का पूरा अधिकार है।" बता दें कि अमेरिका ने इस्राइल की मदद के लिए पूर्वी भूमध्य सागर में दो विमान वाहक पोत भेजे हैं।

05:07 PM, 17-Oct-2023

गाजा में स्थिति 'नरसंहार के स्तर' तक, तत्काल मानवीय सहायता की जरूरत

कई फलस्तीनी मानवाधिकार संगठनों ने कब्जे वाले वेस्ट बैंक- रामल्ला में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गाजा पट्टी पर इस्राइली हमलों को रोकने का आह्वान किया। खबरों के मुताबिक फलस्तीन अथॉरिटी (पीए)-शासित स्वतंत्र आयोग के महानिदेशक अम्मार द्वैक ने कहा, "अगर गाजा पर हमला नहीं रुका और अगले कुछ घंटों में मानवीय सहायता नहीं भेजी गई, तो अभूतपूर्व मानवीय तबाही सामने आएगी। उन्होंने कहा, बीमारियां फैलनी शुरू हो गई हैं। मानवीय संकट अंतरराष्ट्रीय, अरब और इस्लामी जगत की अंतरात्मा बर्दाश्त नहीं कर सकती।

गाजा में स्थिति 'नरसंहार के स्तर' तक
अल-हक अधिकार समूह के प्रमुख शवन जबरीन ने कहा कि गाजा में स्थिति "नरसंहार के स्तर" तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा, "युद्ध अपराध और मानवता के खिलाफ़ अपराध हो रहे हैं। नागरिकों को मारने का आधिकारिक फैसला इस्राइल ने लिया है।

04:58 PM, 17-Oct-2023

गाजा पट्टी का हाल- आखिरी सांस गिन रहे अस्पताल के जेनरेटर, पानी और भोजन की कमी

इस्राइल और हमास के युद्ध के बीच गाजा पट्टी पर मौजूद लाखों लोगों के सामने जीवन का संकट पैदा हो गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, गाजा पट्टी पर इस्राइली सेना की बमबारी के बाद फलस्तीनी एन्क्लेव का बड़ा हिस्सा मलबे के ढेर में बदल चुका है। एन्क्लेव की पूरी तरह से नाकेबंदी के बीच लोगों को पानी जैसी बुनियादी चीजें भी नहीं मिल रही हैं। लोगों को पानी लाने के लिए समुद्र के पास कुएं खोदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। 2.3 मिलियन लोगों के घरों में संकट है। अस्पतालों के पास केवल कुछ ही घंटों का ईंधन बचा है।

04:51 PM, 17-Oct-2023
हमास के हमले में इस्राइल में सैकड़ों मौतें। - फोटो : Social Media

इस्राइल हमास युद्ध में अब तक 15 पत्रकारों की मौत, फलस्तीन के 11 मारे गए

पत्रकारों की रक्षा करने वाली अमेरिकी समिति (सीपीजे) के अनुसार, सात अक्टूबर से अब तक कम से कम 15 पत्रकार मारे गए हैं। इनमें 11 फलस्तीनी, तीन इस्राइली और एक लेबनानी पत्रकार शामिल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक मंगलवार को उत्तरी गाजा पट्टी में इस्राइली हवाई हमले में एक और फलस्तीनी पत्रकार की मौत हो गई। न्यूयॉर्क स्थित संगठन- सीपीजे के अनुसार, आठ पत्रकारों के घायल होने और तीन अन्य के लापता होने या हिरासत में लिए जाने की सूचना है।

04:45 PM, 17-Oct-2023
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों - फोटो : एएनआई

फ्रांस के राष्ट्रपति हमास इस्राइल संघर्ष और बंदियों की मुक्ति पर क्या बोले?

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने कहा कि हमास ने जिन लोगों को बंधक बनाया है, उन्हें  मुक्त कराने के लिए "गहन बातचीत" आगे बढ़ रही है। मैक्रॉन ने अल्बानियाई राजधानी तिराना में संवाददाताओं से कहा, "मैं बहुत सतर्क रहना चाहता हूं...ताकि हम वर्तमान में जो गहन वार्ता कर रहे हैं वो खतरे में न पड़े।" फ्रांस के राष्ट्रपति के अनुसार, वार्ता में प्रगति हो रही है। हम घंटे दर घंटे इन वार्ताओं पर नज़र रख रहे हैं।" इससे पहले रविवार को फ्रांस की विदेश मंत्री कैथरीन कोलोना ने कहा था कि हमास के हमले में कम से कम 19 फ्रांसीसी नागरिकों की मौत हुई है। उन्होंने 13 लापता लोगों को बंदी बनाए जाने की आशंका जताई थी।

04:37 PM, 17-Oct-2023

लेबनान शांति कायम करना चाहता है, इस्राइल आग में तेल डाल रहा है

हमास के साथ जारी संघर्ष के बीच लेबनान का कहना है कि इस्राइल को सीमा पर उकसावे की कार्रवाई बंद करनी होगी। लेबनान के विदेश मंत्री बौ हबीब ने कहा, इस्राइल को लेबनान-इस्राइल सीमा पर उकसावे की कार्रवाई बंद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस्राइल "आग में तेल डाल रहा है।" रिपोर्ट्स के अनुसार, तुर्की समकक्ष हाकन फ़िदान के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में लेबनान के विदेश मंत्री ने कहा, “हम युद्ध समर्थक नहीं हैं। हम वास्तव में इस क्षेत्र में शांति चाहते हैं।

02:54 PM, 17-Oct-2023

इस्राइली सेना का दावा- लेबनान से घुसपैठ की कोशिश कर रहे चार को मार गिराया

इस्राइली सेना ने कहा है कि उसने लेबनान सीमा की तरफ से घुसपैठ की कोशिश कर रहे चार लोगों को मार गिराया है। सेना का दावा है कि यह लोग इस्राइल की तरफ विस्फोटक लगाने की कोशिश में थे। इसी दौरान गोलीबारी में चार लोगों को मार गिराया गया।

02:22 PM, 17-Oct-2023

ईरान बोला- मुस्लिमों को कोई नहीं रोक पाएगा अगर...

ईरान के सुप्रीम लीडर अयोतोल्लाह खामेनेई ने मंगलवार को इस्राइल को धमकी देते हुए कहा कि अगर गाजा में इसी तरह बर्बरता जारी रही तो पूरी दुनिया में मुस्लिमों को कोई नहीं रोक पाएगा। उन्होंने कहा कि गाजा में हो रही बमबारी को तुरंत रोका जाना चाहिए। 

01:49 PM, 17-Oct-2023

जॉर्डन के किंग बोले- पूरे क्षेत्र पर खतरा

फलस्तीन के वेस्ट बैंक से बॉर्डर साझा करने वाले जॉर्डन ने इस्राइल-हमास के बीच जारी संघर्ष पर चिंता जताई है। जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला-II ने कहा कि पूरे के पूरे क्षेत्र पर रसातल में गिरने का खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने इस्राइल और हमास के युद्ध को लेकर मंगलवार को ही जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज से बात की।

01:16 PM, 17-Oct-2023

हमास के निशाने पर आये थाईलैंड, रूस और अमेरिका!

इस्राइल और हमास के बीच में चल रहे युद्ध में अब तक 45 देशों के 160 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। जबकि तकरीबन 150 से ज्यादा विदेशी नागरिक लापता है। जानकारी के मुताबिक हमास के निशाने पर इस्राइल के बाद सबसे ज्यादा जो लोग आए हैं, उसमें अमेरिका के बाद थाईलैंड का नंबर है। जबकि यूक्रेन और रूस के लोग तकरीबन बराबर की संख्या में मारे गए हैं। हालांकि हमास और इस्राइल के बीच लगातार चल रहे युद्ध से न सिर्फ दोनों देशों के मरने वालों की संख्या में इजाफा हो रहा है, बल्कि विदेशी पर्यटकों समेत वहां रह रहे अन्य देशों के नागरिकों की भी लगातार मौतें हो रही हैं। पढ़ें पूरी खबर...

12:47 PM, 17-Oct-2023

'इस्राइल के समर्थन में मजबूत बयान देने के लिए पीएम मोदी के आभारी'

अमेरिकी यहूदी समिति के एशिया प्रशांत संस्थान के सहायक निदेशक निसिम रुबिन ने कहा कि देश के अन्य निवासियों की तरह इस्राइल में भारतीय यहूदी समुदाय भी हमास के क्रूर हमले से ‘‘गंभीर रूप से प्रभावित’’ हुआ है। उन्होंने कहा कि इस हमले में 1,300 से अधिक लोग मारे गए। उन्होंने कहा, “हम सात अक्टूबर के हमले के कुछ घंटों के भीतर इजराइल के समर्थन में मजबूत बयान देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बहुत आभारी हैं। अगले दिन प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने उनसे बात की, जो दोनों देशों और दोनों नेताओं के बीच संबंध को दर्शाता है।’’

12:21 PM, 17-Oct-2023

आईडीएफ का लेबनान के हिजबुल्लाह के आतंकी ठिकानों पर हमला

इस्राइली वायु सेना (आईएएफ) ने गोलीबारी के जवाब में लेबनान में हिजबुल्लाह के आतंकी ठिकानों और सैन्य ढांचों पर हमला किया है। इस बात की जानकारी इस्राइली वायु सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी है। पढ़ें पूरी खबर... 

11:56 AM, 17-Oct-2023

हमास का हमला रोकने में नाकामी मेरी जिम्मेदारी, बोले इस्राइली खुफिया प्रमुख

आंतरिक सुरक्षा एजेंसी (आईएसए) के प्रमुख रोनेन बार ने सात अक्तूबर को हुए हमास के क्रूर हमले रोकने में नाकामी के लिए जिम्मेदारी ली है लेकिन उन्होंने युद्ध में निर्णायक जीत के लिए आखिर तक लड़ने का संकल्प जताया है। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले शनिवार से हमने लगातार कई कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। इसके बावजूद, हम पर्याप्त अग्रिम चेतावनी देने में दुर्भाग्य से नाकाम रहे जिसकी वजह से हमले रोके नहीं जा सके। संगठन का प्रमुख होने के नाते, इसकी जिम्मेदारी मेरी है।’’

11:21 AM, 17-Oct-2023

गाजा पट्टी पर इस्राइली हमले का अलर्ट

फलस्तीनियों ने इस्राइल की ओर से दक्षिणी गाजा में भीषण हवाई हमले किये जाने की सूचना दी है। बताया गया है कि उन्हें इसी जगह पर शरण लेने का आदेश दिया गया था।

10:44 AM, 17-Oct-2023

हमास ने अगवा इस्राइली लड़की का जारी किया वीडियो

आतंकी संगठन हमास ने बीती सात अक्तूबर को जब इस्राइल की सीमा में घुसकर हमला किया  था तो उसने कई इस्राइली और विदेशी नागरिकों को अगवा भी कर लिया था। अब हमास ने एक इस्राइली महिला का वीडियो जारी किया है। हमास की सैन्य शाखा इज्ज अद दीन-अल-कस्साम ब्रिगेड ने सोमवार को यह वीडियो जारी किया। वीडियो में इस्राइल-फ्रांस की दोहरी नागरिकता रखने वाली 21 साल की मिया शेम दिखाई दे रही है। वहीं इस वीडियो पर इस्राइली सेना ने कहा है कि आतंकी खुद को इंसान दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर...

10:16 AM, 17-Oct-2023

‘प्लीज, हमें इस नरक से निकाल लो’, संयुक्त राष्ट्र एजेंसी के कर्मचारियों ने लगाई गुहार

गाजा पट्टी में इस्राइल का जवाबी हमला लगातार जारी है। ऐसे में, संयुक्त राष्ट्र एजेंसी के साथ फलस्तीनी शरणार्थियों के लिए काम करने वाले कर्मचारी बेहद डरे हुए हैं। उन्होंने गाजा पट्टी में मौजूदा हालातों को नरक से भी बेकार बताया है। उन्होंने बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा बुजुर्गों के लिए खाना, पानी और दवाओं की तत्काल आपूर्ति करने की अपील की है। पढ़ें पूरी खबर...

09:58 AM, 17-Oct-2023

अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन कल करेंगे इस्राइल का दौरा

इस्राइल-हमास युद्ध के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन बुधवार को तेल अवीव का दौरा करेंगे। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने यह जानकारी दी। मंगलवार तड़के तेल अवीव में मीडिया को संबोधित करते हुए ब्लिंकन ने कहा कि इस्राइल, मध्य पूर्व और दुनिया के लिए यह बेहद नाजुक क्षण है। इसको ध्यान में रखते हुए राष्ट्रपति बाइडन बुधवार को इस्राइल का दौरा करेंगे। पढ़ें पूरी खबर...

09:42 AM, 17-Oct-2023

इस्राइल ने हमास के आतंकियों का क्रूरता भरा वीडियो किया जारी

हमास के इस्राइल पर अचानक हमले के बाद दोनों के बीच हालात बिगड़ते जा रहे हैं। संघर्ष को अब हफ्तेभर से ज्यादा का समय हो चुका है। अब तक चार हजार से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। हालांकि, हमास के आंतक का अब इस्राइल ने एक वीडियो जारी किया है। इसमें देखा जा सकता है कि किस क्रूरता के साथ इस्राइल के लोगों और उसके सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया है। पढ़ें पूरी खबर...

09:13 AM, 17-Oct-2023

इस्राइल-हमास के बीच युद्धविराम की मांग वाला रूस का प्रस्ताव खारिज

संयुक्त राष्ट्र की सुरक्षा परिषद में सोमवार रात गाजा में जारी हिंसा पर लाए गए रूस का प्रस्ताव खारिज हो गया। दरअसल रूस के प्रस्ताव में गाजा में आम नागरिकों के खिलाफ हो रही हिंसा की निंदा करते हुए युद्धविराम की मांग की गई थी, लेकिन इसमें हमास या उसके द्वारा इस्राइली नागरिकों पर किए गए बर्बर हमले का जिक्र ही नहीं किया गया था। ऐसे में पश्चिमी देशों ने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया। 15 सदस्यों वाली सुरक्षा परिषद में प्रस्ताव पास होने के लिए 9 वोटों की जरूरत थी लेकिन प्रस्ताव के समर्थन में सिर्फ चार देशों ने मतदान किया। वहीं चार देशों ने इसके खिलाफ वोट दिया। पढ़ें पूरी खबर...

08:28 AM, 17-Oct-2023

Israel Hamas War LIVE: जर्मन चांसलर और नेतन्याहू की मुलाकात, फ्रांस के राष्ट्रपति और बाइडन भी इस्राइल आएंगे

हमास की ओर से इस्राइल पर किए गए हमलों के बाद दोनों ओर से संघर्ष जारी है। जहां गाजा पट्टी के अलग-अलग ठिकानों से अभी भी इस्राइल पर रॉकेट हमले जारी हैं तो वहीं इस्राइली वायुसेना ने पूरे क्षेत्र में बमबारी जारी रखी है। दोनों तरफ से इस जंग में अब तक 4000 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। इस बीच इस्राइल ने अब लेबनान की ओर से रुक-रुक कर हमले कर रहे हिज्बुल्ला संगठन पर भी हमले शुरू कर दिए हैं। इस्राइल की सेना ने कहा है कि वह हिज्बुल्ला आतंकियों के ठिकानों को निशाना बना रहा है। पढ़ें इस्राइल-हमास संघर्ष के ताजा अपडेट्स...

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें