फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इस्राइल: नई सरकार बनाने की कवायद तेज, आइजनकोट को मिला डेमोक्रेट्स का साथ; नेतन्याहू चल सकते हैं ये सियासी चाल

Fri, 27 Nov 2026 01:09 AM IST
देवेश त्रिपाठी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, तेल अवीव

सार

इस्राइल में नई सरकार बनाने की कोशिशों के बीच गादी आइजनकोट की मध्यमार्गी पार्टी याशर ने वामपंथी डेमोक्रेट्स पार्टी के साथ गठबंधन समझौता किया है। वहीं, इस्राइल बेतेनु के प्रमुख एविगडोर लिबरमैन ने बेंजामिन नेतन्याहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
विज्ञापन
इस्राइल में सरकार गठन पर लिबरमैन की चेतावनी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इस्राइल में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। इस बीच इस्राइल बेतेनु पार्टी के प्रमुख एविगडोर लिबरमैन ने चेतावनी दी है कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, याशर पार्टी के अध्यक्ष गादी आइजनकोट को प्रधानमंत्री पद साझा करने का प्रस्ताव दे सकते हैं। लिबरमैन ने इसे नई सरकार के गठन की प्रक्रिया को बाधित करने की संभावित राजनीतिक चाल बताया है।
विज्ञापन


वहीं, नेतन्याहू की जगह नई सरकार बनाने की कोशिशों के बीच गादी आइजनकोट की मध्यमार्गी पार्टी याशर ने वामपंथी डेमोक्रेट्स पार्टी के साथ गठबंधन समझौता किया है। गुरुवार को दोनों दलों ने इसकी घोषणा की। इससे पहले मंगलवार को दक्षिणपंथी इस्राइल बेतेनु ने भी उनके साथ समझौता किया था। संयुक्त बयान में कहा गया कि याशर के अध्यक्ष गादी आइजनकोट और डेमोक्रेट्स के अध्यक्ष यायर गोलान ने दोनों दलों के बीच गठबंधन समझौते पर हस्ताक्षर करने का फैसला किया है।

डेमोक्रेट्स को मिलेंगे चार मंत्रालय
गठबंधन समझौते के तहत डेमोक्रेट्स पार्टी को सरकार में चार मंत्रालय मिलेंगे। इनमें राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्रालय भी शामिल है, जिसका दायरा बढ़ाया जाएगा। फिलहाल नेतन्याहू सरकार में यह मंत्रालय दक्षिणपंथी नेता इतामार बेन ग्विर के पास है। इसके अलावा डेमोक्रेट्स को श्रम मंत्रालय, संचार मंत्रालय और संस्कृति एवं खेल मंत्रालय भी मिलेगा। पार्टी के मुताबिक, संस्कृति एवं खेल मंत्रालय के तहत लोकतंत्र के लिए एक नया निदेशालय भी बनाया जाएगा।
विज्ञापन


लिबरमैन ने किया क्या दावा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिबरमैन ने लिखा कि बदलाव की सरकार आकार ले रही है। उन्होंने कहा कि इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि नेतन्याहू आइजनकोट को बारी-बारी से प्रधानमंत्री बनने का प्रस्ताव दें, जिसमें नेतन्याहू दूसरे कार्यकाल में प्रधानमंत्री बनें। हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि सभी राजनीतिक दलों को समझना चाहिए कि यह महज एक चाल हो सकती है।

लिबरमैन ने दावा किया कि नेतन्याहू की मंशा दोबारा चुनाव कराने की है। इसके लिए वह राष्ट्रीय एकता सरकार को लेकर बातचीत आखिरी समय तक खींच सकते हैं और फिर उसे खत्म करने का कोई बहाना तलाश सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर एकता सरकार बन भी जाती है, तब भी नेतन्याहू कुछ महीनों के भीतर राजनीतिक संकट पैदा करने की कोशिश कर सकते हैं, ताकि इस्राइल में फिर से चुनाव कराए जा सकें।

बहुमत के लिए अभी 61 सीटें जरूरी
आइजनकोट, एविगडोर लिबरमैन और यायर गोलान के दलों के पास कुल 36 सांसद हैं। यह संख्या संसद में बहुमत के लिए जरूरी 61 सीटों से काफी कम है। इस गठबंधन में पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट की बियाचद पार्टी भी शामिल है, जिसके पास 12 सीटें हैं। हालांकि, उसने अभी तक याशर के साथ औपचारिक गठबंधन समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं।

अक्तूबर में हुए चुनाव में किसी भी गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। आइजनकोट को नेतन्याहू की जगह सरकार बनाने के लिए छह दिसंबर तक का समय दिया गया है। जरूरत पड़ने पर इस समयसीमा को 14 दिन और बढ़ाया जा सकता है।

विपक्षी खेमे में अरब और अति-रूढ़िवादी दलों को लेकर मतभेद
नेतन्याहू विरोधी खेमे में इस बात को लेकर मतभेद हैं कि सरकार बनाने के लिए अरब बहुल दलों, अति-रूढ़िवादी पार्टियों या नेतन्याहू की दक्षिणपंथी लिकुड पार्टी के साथ गठबंधन किया जाए। डेमोक्रेट्स पार्टी आइजनकोट पर दो अरब बहुल दलों के साथ गठबंधन करने का दबाव बना रही है। इन दोनों दलों ने चुनाव में अब तक का अपना सबसे बड़ा सीट आंकड़ा हासिल किया है। डेमोक्रेट्स का मानना है कि इन दलों के समर्थन से नेतन्याहू को सत्ता से हटाने का रास्ता बन सकता है।

हालांकि, डेमोक्रेट्स ने हाल के दिनों में याशर और लिकुड के बीच राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने की संभावना पर हुई चार दौर की बातचीत पर असहमति जताई है। इन वार्ताओं में अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है।

लिबरमैन अरब दलों के समर्थन के खिलाफ
दूसरी ओर, एविगडोर लिबरमैन ने अरब बहुल पार्टियों के समर्थन से बनने वाली सरकार में शामिल होने से इनकार किया है। वह इसके बजाय दो अति-रूढ़िवादी दलों के साथ गठबंधन के पक्ष में हैं। हालांकि, इन समुदायों की नीतियों और अति-रूढ़िवादी युवाओं की सैन्य भर्ती का मुद्दा लंबे समय से विवाद का विषय बना हुआ है।

लिबरमैन ने गुरुवार को आरोप लगाया कि नेतन्याहू सरकार गठन की प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नेतन्याहू आखिरी समय तक एकता सरकार को लेकर बातचीत खींचेंगे और फिर उसे विफल करने का बहाना तलाशेंगे। उनके मुताबिक, अगर ऐसी सरकार बन भी गई तो कुछ महीनों में संकट पैदा कर इस्राइल को फिर चुनाव की ओर ले जाने की कोशिश की जाएगी।

बेनेट एकता सरकार के पक्ष में
पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने भी आइजनकोट के गठबंधन और लिकुड के बीच एकता सरकार बनाने की वकालत की है। उनका कहना है कि अति-रूढ़िवादी और अरब दलों को शामिल किए बिना एक जियोनिस्ट एकता सरकार बननी चाहिए।

बेनेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि इस समय इस्राइल और वहां के कामकाजी लोगों के लिए सबसे बेहतर विकल्प आइजनकोट के नेतृत्व में जियोनिस्ट एकता सरकार है। उन्होंने प्रधानमंत्री पद के लिए दोनों नेताओं के बीच बारी-बारी से जिम्मेदारी संभालने की व्यवस्था का भी संकेत दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें