इस्राइल के रक्षा मंत्री योआव गैलेंट ने न्यायपालिका में आमूल-चूल परिवर्तन (न्यायिक सुधार कानून) के लिए प्रस्तावित कई विवादित कानूनों को शनिवार को तत्काल और अस्थायी रूप से रोकने का आह्वान किया। गैलेंट ने एक कार्यक्रम में कहा कि इस्राइल की सुरक्षा मेरे जीवन का मिशन है। मैंने दिन-ब-दिन अपने पूरे वयस्क जीवन के दौरान इस्राइल की सुरक्षा से निपटा है।
इस्राइल के पूर्व प्रधानमंत्री ने की आलोचना
इस्राइल के पूर्व प्रधानमंत्री येर लापिद ने सरकार के इस कदम की आलोचना की और इसे अपमानजनक और भ्रष्ट कानून करार दिया है। लापिद ने कहा कि नेतन्याहू सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने में लगे हैं। बता दें, लंबे समय से चल रहे सरकार विरोधी प्रदर्शनों को नजरअंदाज करते हुए नेतन्याहू ने कथित तौर पर इस्राइल की न्यायपालिका को कमजोर करने की अपनी विवादास्पद योजनाओं को आगे बढ़ाया है।
आलोचकों का कहना है कि यह कानून नेतन्याहू के लिए बनाया गया है और इससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा और न्यायपालिका में बदलाव को लेकर जनता के बीच खाई और चौड़ी होगी।