गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान में अर्थव्यवस्था सुधारने और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मदद के लिए पूर्व वित्त मंत्री इशाक डार अपने स्व-निर्वासन को समाप्त कर वापस पाकिस्तान लौट आए हैं। वे लंदन में रह रहे थे, सोमावर को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ वापस आए डार के दोबारा वित्त मंत्री बनाने की हाल ही में घोषणा की गई थी। इससे पहले वर्तमान वित्त मंत्री मिफ्ताह इस्माइल ने पद से इस्तीफा दे दिया।
भ्रष्टाचार के एक मामले में आरोपी होने के बाद 2017 से आत्म-निर्वासन में रहे इशाक डार सोमवार को नूर खान एयरबेस पर उतरे। इस दौरान वहां मौजूद पत्रकारों से उन्होंने कहा कि वह पाकिस्तान को आर्थिक संकट से बाहर निकालेंगे। तीन बार वित्त मंत्री रहे डार ने कहा कि हम 1999 और 2013-14 की तरह एक बार फिर सकारात्मक आर्थिक दिशा में आगे बढ़ेंगे। कहा जा रहा है कि आज उनके सीनेटर-चुनाव में संसद के ऊपरी सदन की शपथ लेने की उम्मीद है।
इशाक डार को वित्त मंत्री बनाने का फैसला शनिवार को लंदन में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और उनके बड़े भाई नवाज शरीफ के बीच हुई बैठक के दौरान लिया गया था। बैठक में मिफ्ताह इस्माइल और इशाक डार दोनों मौजूद थे। इसके अलावा नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन के अन्य नेता भी इस बैठक में मौजूद थे।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने रविवार को एक बयान में डार की नियुक्ति की घोषणा की थी। इशाक डार पिछले पांच साल से लंदन में निर्वासन पर रह रहे थे। 2017 में उन पर भ्रष्टाचार का आरोप भी लगा था। इशाक डार नवाज शरीफ के रिश्तेदार भी हैं। उनके बेटे की शादी नवाज शरीफ की एक बेटी से हुई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिफ्ताह इस्माइल ने अपना इस्तीफा नवाज शरीफ को सौंपा था। नवाज शरीफ पहले ही भ्रष्टाचार के मामलों में दोषी साबित हो चुके हैं और लंदन में रह रहे हैं, लेकिन उनके फैसलों को पार्टी के लिए बाध्यकारी माना जाता है। पीएमएल-एन की ओर से जारी बयान में इस्माइल ने कहा, मैंने चार महीने तक अपनी पूरी क्षमता से काम किया और पार्टी व देश के प्रति वफादार रहा हूं। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने मुश्किल आर्थिक चुनौतियों के बीच जिम्मेदारियों को निभाने के लिए इस्माइल की सराहना भी की थी।