फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हवाई हमलों के बाद अमेरिका के विरोध में उतरा इराक, कहा-हमले हमारी संप्रभुता का उल्लंघन

Wed, 01 Jan 2020 01:32 AM IST
संजीव कुमार झा वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
अमेरिका के विरोध में इराकी प्रदर्शनकारी - फोटो : Social Media
विज्ञापन

इराक में ईरान समर्थित मिलिशिया को निशाना बनाते हुए अमेरिकी हवाई हमलों में 25 मौतों के बाद इराकी नेता अमेरिका के विरोध में एकजुट होने लगे हैं। इराक ने इन हमलों को उसकी संप्रभुता का उल्लंघन बताते हुए चेताया कि एयर स्ट्राइक के साथ उसके अमेरिका के साथ रिश्तों पर खतरा मंडराने लगा है। अमेरिकी कार्रवाई के बाद इराक की सड़कों पर भी अमेरिका के विरुद्ध प्रदर्शन किए गए।

विज्ञापन


बता दें कि अमेरिका ने यह एयर स्ट्राइक बगदाद के पास उसके एक सैन्य ठिकाने के नजदीक अमेरिकी असैन्य ठेकेदार के मारे जाने के बाद किए। बगदाद ने कहा कि वह अमेरिका के राजदूत को तलब कर इस कार्रवाई के प्रति विरोध दर्ज कराएगा। इराकी नेताओं ने देश की संप्रभुता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए आशंका जताई कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर उसकी सरजमीं पर छद्मयुद्ध के रूप में आगे बढ़ सकता है।

इराक के नेताओं को इस बात की चिंता है कि उनका देश तेहरान और वाशिंगटन के बीच बढ़ते तनाव में फंसता जा रहा है। जबकि इराक में पहले ही भ्रष्टाचार और ईरान के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव के विरुद्ध बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं। उधर, सांसदों और सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने इराक से अमेरिकी कारोबार को समाप्त करने और अमेरिकी सेना द्वारा इराक छोड़ने की मांग की है।

विज्ञापन

अमेरिकी दूतावास पर हमला

बगदाद में हजारों प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार को उच्च सुरक्षा वाले अमेरिकी दूतावास परिसर पर हमला कर बाहरी दीवार को तोड़ दिया। वर्षों में यह पहली बार हुआ है, जब प्रदर्शनकारी अमेरिकी दूतावास तक पहुंच सके हैं। प्रदर्शनकारियों ने ईटों से दीवारों पर लगे सुरक्षा कैमरे तोड़ दिए।

अमेरिकी सुरक्षा बलों को प्रदर्शनकारियों की भीड़ तितर-बितर करने के लिए परिसर के अंदर आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। प्रदर्शनकारियों ने इराकी सशस्त्र समूहों के शिया नेटवर्क हश्द अल-शाबी के समर्थन में झंडे भी लहराए।

शिया बहुल बसरा-नजफ व किरकुक में अमेरिकी झंडे

इराक सरकार ने एक बयान में कहा है कि अमेरिकी सेना ने इराकी हितों के बजाय अपनी राजनीतिक प्राथमिकताओं पर काम किया है। बयान के मुताबिक इस तरह के हमले इराक की संप्रभुता का उल्लंघन करते हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अमेरिका ने शिया बहुल बसरा और नजफ शहरों के साथ साथ बगदाद के उत्तर में किरकुक शहर में अपने झंडे गाढ़ दिए हैं। इसलिए पहले यहां से अमेरिकी सैनिकों को बाहर निकाला जाए।
विज्ञापन

अमेरिका ने कहा, हमारी रक्षा में नाकाम रहा इराक

ईरान समर्थित गुट पर हवाई हमले करने से पैदा हुए आक्रोश के एक दिन बाद अमेरिका ने इराक पर वाशिंगटन के हितों की ‘रक्षा’ करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने वाशिंगटन में पत्रकारों से कहा कि हमने इराक सरकार को कई बार आगाह किया और हमने अपनी रक्षा की जिम्मेदारी के लिए उनके साथ सूचनाएं साझा कीं।

उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना और राजनयिक इराक में वहां की सरकार के आमंत्रण पर रह रहे हैं। अधिकारी के मुताबिक, हमारी रक्षा इराक की जिम्मेदारी और कर्तव्य है लेकिन उन्होंने ऐसा करने के लिए उचित कदम नहीं उठाए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें