ईरान के सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ ने सोमवार को चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका अगर ईरान के परमाणु केंद्रों पर हमला करेगा, तो देश उसका संतुलित जवाब देगा। मेजर जनरल अब्दुलरहीम मौसवी ने कहा कि ईरान, इ्स्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को पूरी ताकत से सजा देना जारी रखेगा। मौसवी ने जोर देकर कहा कि अगर अमेरिका ईरान की जमीन पर हमला करता है, तो ईरान उसका कड़ा जवाब जरूरत देगा।
उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप इस्राइल की उस नकली सरकार की मदद कर रहे हैं, जो ईरान का मुकाबला करने में असफल रही है। उन्होंने ईरान के आम लोगों का धन्यवाद किया, जिन्होंने अपने देश की सेना का समर्थन किया। साथ ही उन्होंने कहा कि देश की सशस्त्र सेनाएं दुश्मन की धमकियों का बहुत कड़ा जवाब देंगी। मेजर जनरल मौसवी ने और कहा कि देश की सशस्त्र सेनाएं किसी भी आक्रमणकारी के साथ समझौता नहीं करेंगी और दुश्मनों के हमले का निर्णायक जवाब देंगी।
ये भी पढ़ें: West Asia Tension: 'दुश्मन के हाथों में खेल रहे हो, ऐसा मत करो...', तेल की कीमतों को लेकर ट्रंप की चेतावनी
ईरान के अहवाज शहर में सुनी गई धमाके की आवाज
उधर, ईरान के सरकारी मीडिया ने जानकारी दी कि देश के अहवाज शहर के पास धमाकों की आवाज सुनी गई। फार्स न्यूज एजेंसी ने आज अपनी रिपोर्ट में बताया कि दक्षिण-पश्चिमी ईरान के अहवाज शहर के पास धमाके सुने गए। रिपोर्ट में कहा गया कि ये धमाके शहर के पश्चिमी किनारे पर सुनाई दिए, जो कि खुजिस्तान प्रांत की राजधानी है और इराक की सीमा के पास स्थित है।
इस्राइल ने तेहरान के निवासियों को शहर छोड़ने की चेतावनी दी
वहीं, इस्राइल रक्षा बल (आईडीएफ) ने सोमवार को फिर से तेहरान के निवासियों को राजधानी छोड़ने की चेतावनी दी। आईडीएफ का ईरान के परमाणु कार्यक्रम के खिलाफ सैन्य अभियान जारी है। इस अभियान के तहत शनिवार को अमेरिका ने भी तीन ठिकानों पर हमले किए थे।
आईडीएफ सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, प्रिय तेहरान के नागरिकों..आने वाले दिनों में इस्राइली सेना तेहरान क्षेत्र में सैन्य लक्ष्यों पर हमले जारी रखेगी। अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपसे अनुरोध है कि हथियार निर्माण केंद्रों, सैन्य मुख्यालयों और शासन से जुड़े सुरक्षा संस्थानों से दूर रहें।
ये भी पढ़ें: पश्चिम एशिया में तनाव: कहां-कहां US के ठिकानों को निशाना बना सकता है ईरान, कितने अमेरिकी सैनिक-हथियार जद में?
कतर ने बंद किया अपना हवाई क्षेत्र
ईरान की तरफ से अमेरिका को जवाबी कार्रवाई की धमकियों के बीच कतर ने सोमवार को अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया। देश के विदेश मंत्रालय ने यह घोषणा की। कतर में अल उदैद एयर बेस है, जो अमेरिकी बलों का एक प्रमुख ठिकाना है। इसके अलावा, कतर एयरवेज भी यहीं है, जो क्षेत्र की एक बड़ी एयरलाइन कंपनी है। कतर ने इसे अस्थायी फैसला बताया है।