दुनिया के कुल सौर ऊर्जा उत्पादन में भारत का योगदान पहुंचा 12 फीसदी, यूरोपीय संघ की बराबरी भी की
इस साल दुनिया के कुल सौर ऊर्जा उत्पादन में भारत का योगदान 12 फीसदी रहा है। इस वर्ष की पहली छमाही में भारत का सौर ऊर्जा उत्पादन यूरोपीय संघ के बराबर रहा है। वैश्विक स्तर पर इस साल की पहली छमाही में सौर ऊर्जा से 5.5 प्रतिशत बिजली का उत्पादन हुआ है। यह पिछले साल इसी समय से 16 फीसदी (104 टीडब्ल्यूएच) अधिक है। यह जानकारी एम्बर की रिपोर्ट में सामने आई है। इस बारे में एम्बर के भारत विश्लेषक नेशविन रोड्रिग्स ने कहा भारत के पास सौर ऊर्जा के क्षेत्र में विश्व का नेतृत्व करने की भरपूर क्षमता है। रिपोर्ट में जनवरी से जून तक पिछले साल की इसी समय अवधि में 78 देशों के सौर ऊर्जा उत्पादन डाटा का तुलनात्मक विश्लेषण किया गया है।
अमेरिका ने यूक्रेन को दिए ईरान से जब्त किए गए 11 लाख हथियार
अमेरिका ने यूक्रेन को इरान से जब्त किए गए 11 लाख हथियार दिए हैं। इसे पिछले साल इरान से जब्त किया गया था। अमेरिकी सरकार ने कहा, हमने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ी थी। यूएस सेंट्रल कमांड ने बताया कि इसमें ईरान के दस लाख से ज्यादा गोले, रॉकेट लॉन्चर, ग्रेनेड शामिल हैं। अमेरिकी नौसेना ने इन हथियारों को यमन जा रहे ईरानी जहाज से जब्त किया था।
इराक में अगले साल से डॉलर में नकद निकासी लेनदेन पर लगेगी रोक
वित्तीय अपराधों में अपने मुद्रा भंडार के दुरुपयोग और ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंधों से बचने के लिए इराक अगले साल 1 जनवरी से अमेरिकी डाॅलर में सभी नकदी निकासी ओर लेनदेन को खत्म कर देगा। इराक के केंद्रीय बैंक (सीबीआई) के एक शीर्ष अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सीबीआई में निवेश और प्रेषण के महानिदेशक माजेन अहमद ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य इराक की ओर से हर साल न्यूयॉर्क फेडरल रिजर्व से नकदी के रूप में आयात किए जाने वाले 10 अरब डॉलर में से लगभग 50 फीसदी के अवैध उपयोग पर रोक लगाना है।
साथ ही यह अर्थव्यवस्था को डॉलर मुक्त करने के उस व्यापक प्रयास का भी हिस्सा है, जिसमें 2003 के अमेरिकी आक्रमण के बाद बार-बार होने वाले युद्धों और संकटों से निराश हो चुकी आबादी ने स्थानीय नोटों के मुकाबले ग्रीनबैक को प्राथमिकता दी है। अहमद ने कहा कि जो लोग 2023 के अंत से पहले बैंकों में डॉलर जमा करेंगे, वे 2024 में भी डॉलर में धनराशि निकाल सकेंगे। लेकिन 2024 में जमा किए गए डॉलर 1,320 की आधिकारिक दर पर स्थानीय मुद्रा में ही निकाले जा सकते थे। इराकी दिनार की समानांतर बाजार दर बृहस्पतिवार को 1,560 थी, जो आधिकारिक दर से लगभग 15% कम थी।
बांग्लादेश में नोबेल विजेता मुहम्मद यूनुस से धन शोधन पर पूछताछ
बांग्लादेश की आधिकारिक भ्रष्टाचार विरोधी निगरानी संस्था (भ्रष्टाचार विरोधी आयोग) ने 2006 में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित मुहम्मद यूनुस से मनी लॉन्ड्रिंग-फंड (धन शोधन) गबन के आरोप में पूछताछ की है। यूनुस ने बांग्लादेश में गरीब लोगों की मदद के लिए माइक्रोक्रेडिट के उपयोग की शुरुआत की थी। इस मॉडल को दुनिया भर के कई अन्य देशों में भी दोहराया गया। मुहम्मद यूनुस की कानूनी परेशानियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया है।