पेप्सिको की पूर्व अध्यक्ष भारतीय अमेरिकी इंदिरा नूई को अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस के साथ प्रतिष्ठित ‘नेशनल पोर्ट्रेट गैलेरी’ में शामिल किया गया है। नूई को उनकी उपलब्धियों, अमेरिका के साझा इतिहास, विकास एवं संस्कृति पर उनके प्रभाव के कारण इस गैलेरी में शामिल किया गया है। नूई ने कहा कि एक साल पहले जब एक पत्र के माध्यम से उन्हें इसकी जानकारी दी गई तो मजाक समझा था, इसलिए अपने पीआर डिपार्टमेंट से पुष्टि करवाई।
नूई ने कहा, ‘मुझे लगता है कि हम जैसे लोगों ने आगे बढ़कर महिलाओं के लिए मार्ग प्रशस्त किया है जिससे उन्हें सभी की तरह समान, शक्तिशाली और योगदान देने वालों के तौर पर देखा जा रहा है, और इसलिए महिलाओं को स्वयं को दोयम दर्जे का नागरिक नहीं समझना चाहिए। उन्हें पता होना चाहिए कि वे भी परिदृश्य में शामिल हो गई हैं और आपकी कोई भी पृष्ठभूमि कोई भी हो, आपके योगदान पर ध्यान दिया जाएगा।
नूई ने कहा कि पोर्ट्रेट गैलरी सुंदर कहानी बयां करती है। उन्होंने कहा कि ‘यह केवल एक तस्वीर नहीं है, यह एक कहानी बयां करती है। नूई का चित्र कलाकार जॉन फ्राइडमैन ने बनाया है। नूई ने कहा कि फ्राइडमैन ने बहुत अच्छा काम किया है।