Former US President Donald Trump
- फोटो : सोशल मीडिया
डोनाल्ड ट्रंप 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में फिर ताल ठोंक सकते हैं। अनिवासी भारतीयों के लिए आयोजित दिवाली पार्टी में उन्होंने ये संकेत दिए। उन्होंने भारतवंशियों को समर्थन जुटाने के इरादे से अहम बातें कहीं। उन्होंने कहा कि यदि वे 2024 के चुनाव में जीते तो भारत-अमेरिकी संबंधों को नए मुकाम पर ले जाएंगे।
ट्रंप ने यह बात फ्लोरिडा में अपने 'मार-ए-लागो रिजॉर्ट' में रिपब्लिकन हिंदू कोलिशन (आरएचसी) द्वारा आयोजित दिवाली कार्यक्रम में कही। इसमें करीब 200 भारतीय-अमेरिकी मौजूद थे। ट्रंप ने कहा कि हिंदू समुदाय, भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके बहुत अच्छे संबंध हैं।
शलभ कुमार को बनाएंगे भारत में अमेरिकी राजदूत
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दिवाली कार्यक्रम में कहा कि यदि वे 2024 में अमेरिका के राष्ट्रपति निर्वाचित हुए तो आरएचसी के संस्थापक शलभ कुमार को भारत में राजदूत बनाएंगे। उनकी भारतीय अमेरिकी समुदाय के प्रति खास प्रतिबद्धता होगी।
आरएचसी ने जारी किया वीडियो
आरएचसी ने गत शुक्रवार आयोजित ट्रंप की दिवाली पार्टी का वीडियो मंगलवार को जारी किया गया। इसमें ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अभी यह फैसला नहीं किया है कि वह राष्ट्रपति चुनाव में उतरेंगे या नहीं, लेकिन यदि चुनाव लड़े और जीत दर्ज की तो भारतीय-अमेरिकी समुदाय के संबंधों को और मजबूत करेंगे।
वॉशिंगटन में बनाएंगे हिंदू होलोकॉस्ट स्मारक
ट्रंप ने यह भी कहा कि 2016 और 2020 में उन्हें हिंदुओं का बहुत समर्थन मिला था, इसलिए उनकी भारतवंशियों के प्रति गहरी रुचि है। वे वॉशिंगटन डीसी में एक हिंदू होलोकॉस्ट स्मारक बनाने का समर्थन करते हैं। कार्यक्रम में शलभ कुमार ने कहा कि ट्रंप हिंदू समुदाय के सच्चे मित्र रहे हैं। अमेरिका में इस समुदाय को मजबूत बनाने में उनका अहम योगदान रहा।