दुबई में रहने वाले एक भारतीय दंपती द्वारा अपनी ही मां को प्रताड़ित कर मौत के मुंह में धकेलने का मामला सामने आया है। 29 वर्षीय भारतीय व्यक्ति और उसकी पत्नी पर आरोप है कि उन्होंने अपनी मां के साथ बुरी तरह मारपीट की और उन्हें जलाने की कोशिश की, जिससे महिला की मौत हो गई। मौत के समय बुजुर्ग महिला के शरीर का करीब दस प्रतिशत हिस्सा जला हुआ था, और उनका वजन मात्र 29 किलो था।
दुबई में छपी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल घटी इस घटना का खुलासा आरोपी दंपती की पड़ोसी ने ही किया। 54 वर्षीय भारतीय पड़ोसी ने बताया कि बुजुर्ग महिला की मौत के कुछ दिन पहले उनकी बहु से उसकी मुलाकात हुई थी। बुजुर्ग महिला की बहु अपनी बच्ची के देखभाल को लेकर उनसे काफी नाराज थीं। इसके तीन दिन बाद उन्होंने बुजुर्ग महिला को अपनी पड़ोसी की बालकनी में निर्वस्त्र अवस्था में पड़ा देख चौकीदार को इसकी सूचना दी और उन्हें अस्पताल लेकर गई। उन्होंने बताया कि महिला के शरीर पर जलने के निशान भी थे।
अस्पताल में बताया गया कि महिला पर हुए हमले के चलते हड्डी और पसली में फ्रैक्चर हो गया और आंतरिक रक्तस्राव भी हुआ, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। यह मामला अल कुसैस पुलिस थाने में दर्ज किया गया, और प्रथमिक सुनवाई में बताया गया कि बुजुर्ग महिला की बहु ने कई बार उन्हें प्रताड़ित किया था।
हालांकि दंपती ने इन आरोपों को खारिज किया है, लेकिन उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की सुनवाई 3 जुलाई तक स्थगित कर दी गई है। तब तक पति पत्नी हिरासत में रहेंगे।