अखबार ने पुलिस के हवाले से कहा कि एक 25 वर्षीय व्यक्ति को बाद में एक आपत्तिजनक हथियार रखने, एक लोक सेवक को अपने कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए आपराधिक बल का उपयोग करने और एक लोक सेवक के खिलाफ अपमानजनक भाषा का उपयोग करने के लिए गिरफ्तार किया गया।
सिंगापुर के सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट (सीबीडी) में कथित रूप से कुल्हाड़ी लहराने के मामले में एक अदालत में भारतीय मूल के 25 वर्षीय व्यक्ति को हमला करने और अन्य अपराधों में आरोपित किया गया है। मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है।
विज्ञापन
‘द स्ट्रेट्स टाइम्स’ अखबार की खबर के मुताबिक, यूट्यूब पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में मनोहर थिरुनावुक्करासु (Manohar Thirunavukkarasu) मंगलवार सुबह सीबीडी के स्टैमफोर्ड रोड पर रैफल्स सिटी शॉपिंग मॉल की ओर सड़क पार करते हुए कुल्हाड़ी लहराते हुए दिखाई दे रहा है। फिर वह पास की ट्रैफिक लाइट पर खड़ी एक पुलिस कार की ओर जाता है, जहां दो वर्दीधारी अधिकारी उस पर अपने हथियार तानते हैं।
मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि इसके बाद उस व्यक्ति ने अपनी कुल्हाड़ी फेंक दी, जो बगल के फुटपाथ पर जा गिरी। पहले एक बयान में पुलिस ने कहा था कि उन्हें मंगलवार सुबह स्टैमफोर्ड रोड पर झगड़े की सूचना मिली थी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह वीडियो झगड़े की सूचना मिलने से पहले का है या बाद का। दैनिक अखबार ने पुलिस के हवाले से कहा कि एक 25 वर्षीय व्यक्ति को बाद में आपत्तिजनक हथियार रखने, लोक सेवक को अपने कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए आपराधिक बल का उपयोग करने और एक लोक सेवक के खिलाफ अपमानजनक भाषा का उपयोग करने के लिए गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने यह भी कहा कि एक 71 वर्षीय व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि एक 29 वर्षीय व्यक्ति जांच में सहायता कर रहा है। मनोहर को चिकित्सकीय जांच के लिए मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में भेजा जाएगा। इस मामले की सुनवाई 26 अप्रैल तक के लिए स्थगित कर दी गई है।