श्रीधरन ने सॉलिसिटर जनरल पद पर नियुक्त किए जाने पर कहा, 'अपने साथी ओहायो वासियों के अधिकारों और स्वतंत्रता के लिए खड़ा होना मेरे लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है।'
भारतीय मूल की वकील मथुरा श्रीधरन को ओहायो का 12वां सॉलिसिटर जनरल नियुक्त किया गया है। जो राज्य और संघीय अदालतों में अपील के लिए राज्य की शीर्ष वकीलों में शामिल हो गई हैं। ओहायो के अटॉर्नी जनरल डेव योस्ट ने पिछले हफ्ते एक बयान में कहा कि उन्होंने श्रीधरन को इस पद के लिए चुना है। श्रीधरन की पूर्ववर्ती इलियट गेसर को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी न्याय विभाग के कानूनी परामर्शदाता कार्यालय का नेतृत्व करने के लिए चुना है। जिसके चलते गेसर के स्थान पर भारतवंशी मथुरा श्रीधरन को चुना गया।
विज्ञापन
नियुक्ति पर मथुरा श्रीधरन ने जताई खुशी
अटॉर्नी जनरल का कार्यालय, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट, छठे सर्किट के लिए अमेरिकी अपीलीय न्यायालय, ओहायो सुप्रीम कोर्ट और अन्य राज्य एवं संघीय अदालतों में अपीलों पर राज्य और उसकी एजेंसियों का प्रतिनिधित्व करता है। श्रीधरन ने सॉलिसिटर जनरल पद पर नियुक्त किए जाने पर कहा, 'अपने साथी ओहायो वासियों के अधिकारों और स्वतंत्रता के लिए खड़ा होना मेरे लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है। मैं अटॉर्नी जनरल योस्ट द्वारा मुझ पर हमारे संवैधानिक आदर्शों की रक्षा करने, कानून के शासन को आगे बढ़ाने और हमारी संघीय सरकार प्रणाली के लिए लड़ने के लिए किए गए विश्वास के लिए तहे दिल से आभारी हूं।'
मथुरा श्रीधरन को बिंदी को लेकर किया गया ट्रोल
मथुरा श्रीधरन की नियुक्ति के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके चयन की आलोचना की, और कुछ ने उन पर नस्लवादी टिप्पणियां कीं, जिनमें उनका बिंदी पहनना भी शामिल था। एक यूजर ने कहा कि उन्हें इस पद के लिए नामित नहीं किया जाना चाहिए। एक अन्य यूजर ने कहा कि 'मथुरा श्रीधरन को केवल भारत के लिए एकतरफा टिकट के लिए चुना जाना चाहिए।' एक अन्य ने कहा, 'आप किसी ऐसे व्यक्ति को क्यों चुने रहे हैं, जो इतनी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए अमेरिकी नहीं है?' कुछ ऑनलाइन उपयोगकर्ताओं ने बिंदी लगाने के लिए उन पर निशाना साधा।
इंजीनियरिंग की भी कर चुकी हैं पढ़ाई
मथुरा श्रीधरन ने साल 2018 में न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ लॉ से कानून की डिग्री हासिल की। उन्होंने मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और कंप्यूटर विज्ञान में स्नातक और स्नातकोत्तर की डिग्री के साथ-साथ अर्थशास्त्र में स्नातक की डिग्री भी प्राप्त की है।